Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तान: पंजाब के मुख्य सचिव जाहिद अख्तर ज़मान ने पुंछ हाउस में भगत सिंह गैलरी का किया उद्घाटन

लाहौर (पाकिस्तान): पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज के निर्देश पर स्वतंत्रता आंदोलन के नायक भगत सिंह की याद में पुंछ हाउस में एक गैलरी स्थापित की गई है। इस गैलरी में ऐतिहासिक तस्वीरों, पत्रों और समाचार पत्रों के माध्यम से भगत सिंह के स्वतंत्रता संग्राम को दर्शाया गया है। ब्रिटिश शासन के दौरान, भगत सिंह पर राजद्रोह का मुकदमा पुंछ हाउस में चलाया गया था।

उद्योग और पर्यटन विभागों के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत पर्यटकों को पुंछ हाउस तक पहुंच दी जाएगी।

मुख्य सचिव ने 1849 में निर्मित ऐतिहासिक पुंछ हाउस भवन के जीर्णोद्धार कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक इमारतें और स्थान राष्ट्रीय संपत्ति हैं और उनका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक इमारतों को उनके मूल स्वरूप में बहाल करने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उद्योग एवं वाणिज्य सचिव एहसान भट्टा के नेतृत्व में ऐतिहासिक पुंछ हाउस को उसके मूल स्वरूप में बहाल कर दिया गया है।

इस अवसर पर संचार एवं निर्माण, पर्यटन के प्रशासनिक सचिव, पुरातत्व महानिदेशक तथा संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें- रिलायंस इंडस्ट्रीज ने चौथी तिमाही में कमाए 20,589 करोड़ रुपये, 6 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड घोषित

Exit mobile version