Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी ने 6 अप्रैल को इस्लामाबाद में होने वाली रैली रद्द की

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ने धार्मिक कारणों का हवाला देते हुए शनिवार को यहां होने वाली अपनी बहुप्रचारित रैली को रद्द करने की घोषणा की। यह रैली पार्टी संस्थापक इमरान खान की जेल से रिहाई की मांग को लेकर की जानी थी जो विभिन्न मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से पिछले साल अगस्त से जेल में बंद हैं।

जियो न्यूज़ की खबर के मुताबिक, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष बैरिस्टर गौहर अली खान ने बुधवार को अपनी पार्टी के समर्थकों को सूचित किया कि यह फैसला ‘लैलत-उल-कद्र’ के कारण लिया गया है। मुस्लिम समुदाय रमज़ान के महीने में आने वाली ‘लैलत-उल-कद्र’ की रात को बहुत अहम मानता है और पूरी रात जागकर इबादत करता है।

उन्होंने समर्थकों से इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं तथा नेताओं की रिहाई एवं सुरक्षा के लिए दुआ करने की भी गुजारिश की। पिछले महीने, पीटीआई ने 71 वर्षीय खान की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए परेड ग्राउंड में एक बड़ी रैली करने की घोषणा की थी। इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने भी अधिकारियों को पार्टी को संघीय राजधानी में जनसभा की अनुमति देने का निर्देश दिया था।

Exit mobile version