Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

मारा गया विंग कमांडर अभिनंदन को पकड़ने वाला पाकिस्तानी अफसर; जानें किसने, कहां और कब दी मौत?

June 25, 2025

मारा गया विंग कमांडर अभिनंदन को पकड़ने वाला पाकिस्तानी अफसर; जानें किसने, कहां और कब दी मौत?

इंटरनेशनल डेस्क : पाकिस्तानी फौज के मेजर रैंक के अधिकारी मोइज अब्बास की मौत होने का मामला सामने आया है। टीटीपी के हमले में उसकी दक्षिणी वजीरिस्तान में मौत हुई है। बता दें कि मोइज अब्बास वही पाकिस्तानी अफसर है, जिसने फरवरी 2019 के दौरान पाकिस्तानी इलाके में गिरे भारतीय विंग कमांडर अभिनंदन को पकड़ा था।

उस समय पाकिस्तान से चल रहे तनाव के बीच अभिनंदन का लड़ाकू विमान पाकिस्तान की सीमा में जाकर क्रैश हो गया था। अभिनंदन घुसपैठ कर भारतीय सीमा में घुसे पाकिस्तानी लड़ाकू विमान का पीछा कर रहे थे। इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने उनको पकड़ लिया था। पाकिस्तानी मीडिया में मेजर मोइज अब्बास की मौत होने की चर्चाएं चल रही हैं।

हमले में 14 जवानों की मौत

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि मेजर मोइज अब्बास सोमवार को दक्षिणी वजीरिस्तान में मारा गया है। उसके ऊपर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने घात लगाकर हमला किया। हमले में पाकिस्तानी सेना के 14 जवान मारे गए हैं। मोइज अब्बास को लेकर दावा किया गया था कि उसने ही सबसे पहले भारतीय विंग कमांडर अभिनंदन को पकड़ा था।

उसके कई इंटरव्यू भी सामने आए थे, जिनमें बताया गया था कि अभिनंदन के साथ उसका किन परिस्थितियों में मुकाबला हुआ था। हालांकि पाकिस्तानी सेना की ओर से उसकी मौत के संबंध में कोई बयान नहीं जारी किया गया है।

परिवार में पत्नी और 2 बच्चे

मेजर मोइज अब्बास की तैनाती 6 कमांडो बटालियन में थी, उसके ऊपर सरगोगा के पास हमला किया गया। बताया जा रहा है कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले में पाकिस्तान सेना के लांसनायक जिब्रानउल्लाह की भी मौत होने की जानकारी सामने आई है।

मेजर मोइज मूल रूप से पाकिस्तान के चकवाल का रहने वाला था। परिवार में उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी सेना को यहां टीटीपी के मेंबर्स की मौजूदगी की सूचना मिली थी। पाकिस्तान सेना दावा कर चुकी है कि इस इलाके में पिछले कुछ दिन में टीटीपी के 11 मेंबर्स मारे जा चुके हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें