
PAK Aircraft Missing: पाकिस्तान में मंगलवार रात एक मालवाहक विमान अचानक लापता हो गया, जिससे हड़कंप मच गया। यह विमान शारजाह से कराची जा रहा था, लेकिन उड़ान के दौरान उसका संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से टूट गया। विमान में पांच चालक दल के सदस्य सवार थे। संपर्क टूटने के बाद पाकिस्तानी अधिकारियों ने तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया।
उड़ान के दौरान आई तकनीकी समस्या
पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, के2 एयरवेज का बोइंग 737-400 मालवाहक विमान मंगलवार रात कराची की ओर बढ़ रहा था। रात करीब 9:18 बजे (पाकिस्तानी समय) पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को बताया कि विमान के नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई है। इसके बाद कंट्रोल रूम से विमान को सुरक्षित दिशा देने की कोशिश की गई।
कुछ ही मिनटों बाद टूट गया संपर्क
अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के लगभग तीन मिनट बाद रडार पर विमान की ऊंचाई तेजी से घटती दिखाई दी। इसके तुरंत बाद विमान का संपर्क पूरी तरह खत्म हो गया। उस समय विमान कराची से करीब 287 किलोमीटर पश्चिम में अरब सागर के ऊपर उड़ रहा था।
समुद्र में हादसे की आशंका
उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटराडार24 के शुरुआती आंकड़ों से संकेत मिले हैं कि विमान संभवतः कराची के दक्षिण-पश्चिम में समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। डेटा के अनुसार, विमान की ऊंचाई पहले कम हुई, फिर उसने कुछ समय के लिए दोबारा ऊंचाई हासिल की, लेकिन उसके बाद वह अचानक बहुत तेज गति से नीचे गिरने लगा।
ओरमारा के पास आखिरी बार मिला संकेत
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विमान बलूचिस्तान के ओरमारा तट के पास अरब सागर के ऊपर उड़ान भर रहा था, जब उसका अंतिम सिग्नल मिला। आखिरी रिकॉर्ड किए गए डेटा में विमान समुद्र तल से लगभग 1,100 फीट की ऊंचाई पर था। इसके बाद उसकी नीचे गिरने की रफ्तार बेहद असामान्य हो गई, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका और बढ़ गई।
बचाव अभियान जारी
विमान से संपर्क टूटने के बाद पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने नौसेना, तटरक्षक बल और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर समुद्र में संयुक्त खोज और बचाव अभियान शुरू किया। फिलहाल विमान और उसमें सवार पांचों चालक दल के सदस्यों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान पूरा होने के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
27 साल पुराना था विमान
लापता विमान बोइंग 737-400 मॉडल का था। यह के2 एयरवेज के बेड़े का एकमात्र विमान था, जिसे कंपनी ने वर्ष 2024 में अपनी सेवाओं में शामिल किया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह विमान पहले वर्ष 1999 में एक यात्री विमान के रूप में उड़ान भरना शुरू हुआ था। बाद में वर्ष 2012 में इसे मालवाहक विमान में बदल दिया गया और तब से इसका उपयोग कार्गो सेवाओं के लिए किया जा रहा था।
मेष: दिन शुभ रहेगा...