Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

Papua New Guinea ने राहत सहायता भेजने पर भारत का किया हार्दिक धन्यवाद

June 14, 2024

Papua New Guinea ने राहत सहायता भेजने पर भारत का किया हार्दिक धन्यवाद

पोर्ट मोरेस्बी: भूस्खलन प्रभावित पापुआ न्यू गिनी को भारत की ओर से भेजी गयी 10 लाख अमेरिकी डॉलर की राहत सहायता शुक्रवार को पोर्ट मोरेस्बी हवाई अड्डे पर पहुंची, जहां उपस्थित पापुआ न्यू गिनी के विदेश एवं रक्षा मंत्रियों सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने सहायता के लिए भारत का आभार व्यक्त किया। पोर्ट मोरेस्बी में भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारतीय उच्चायुक्त इनबासेकर एस ने विदेश मंत्री जस्टिन तकाचेंको को राहत सामग्री सौंपी।

उसने कहा, “एंगा प्रांत में भूस्खलन के पीड़ितों के लिए भारत से 10 लाख अमेरिकी डॉलर की एचएडीआर राहत सहायता पोर्ट मोरेस्बी हवाई अड्डे पर पहुंची, जिसे पापुआ न्यू गिनी के विदेश मंत्री तकाचेंको और रक्षा मंत्री बिली जोसेफ सहित कई गणमान्य अधिकारियों ने प्राप्त किया। उच्चायुक्त इनबासेकर एस. ने राहत सामग्री श्री तकाचेंको को सौंपी, जिन्होंने समय पर मदद के लिए भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर को बधाई दी। राहत सामग्री जल्द ही वाबाग भेजी जाएगी।

विश्वबंधु सक्रिय हैं।” विदेश मंत्री जस्टिन तकाचेंको ने इस कदम के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, डॉ. जयशंकर और भारत के लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “श्री मोदी, डॉ. जयशंकर, पापुआ न्यू गिनी में भारतीय उच्चायोग और भारत के लोगों को धन्यवाद। हम सुनिश्चित करेंगे कि भूस्खलन से तबाह हुए मैप मुलीताका क्षेत्र, एंगा प्रांत के लिए भारत की 10 लाख अमेरिकी डॉलर की राहत सहायता हमारे लोगों तक पहुंचे।

भारत को दिल की गहराइयों से धन्यवाद।” गुरुवार को भारत ने भूस्खलन प्रभावित पापुआ न्यू गिनी को टेंट, पानी के टैंक, स्वच्छता किट, खाने के लिए तैयार भोजन और दवाइयों सहित 19 टन राहत सामग्री भेजी। सहायता में आपातकालीन उपयोग की दवा, डेंगू और मलेरिया निदान किट सहित चिकित्सा उपकरण, शिशु आहार आदि भी शामिल हैं। पापुआ न्यू गिनी के एंगा क्षेत्र में 24 मई को भारी भूस्खलन हुआ, जिसमें 2,000 से अधिक लोग जिंदा दफन हो गए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें