Paramilitary attacks in Sudan : सूडान सरकार ने घोषणा की है कि सूडान के पश्चिमी कोडरेफान क्षेत्र के तीन शहरों पर अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के हमलों में कम से कम 26 नागरिक मारे गए। सूडान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘हाल के कुछ घंटों में, RSF मिलिशिया ने जानबूझकर नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाया है और निर्दोष लोगों की जान ली है।‘
मंत्रालय ने कहा, ‘शुक्रवार को मिलिशिया ने अल-ओबेद शहर में अल-दमन अस्पताल को निशाना बनाया, जिसमें उपचार करा रहे 16 मरीजों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।‘ मंत्रालय ने आगे कहा, ‘बुधवार को मिलिशिया ने अल-खिवाई शहर में एक सार्वजनिक बाजार पर भी ड्रोन से हमला किया, जिसमें आठ नागरिक मारे गए।‘
बयान में कहा गया कि RSF ने दक्षिण कोडरेफान के अल-दीबाईबात कस्बे में एक आवासीय क्षेत्र को भी निशाना बनाया, जिसमें दो नागरिकों की मौत हो गई। एक समाचार एजेंसी के अनुसार, मंत्रालय ने RSF के हमलों की निंदा करते हुए कहा कि इन हमलों का एकमात्र उद्देश्य अधिकतम नागरिकों को क्षति पहुंचाना था। इन हमलों में नागरिकों, मानवीय संगठनों, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और आवश्यक सेवाओं को टारगेट किया गया।
बयान में आगे आरएसएफ पर गुरुवार को उत्तरी दारफुर राज्य की राजधानी एल-फशर में विश्व खाद्य कार्यक्रम के गोदामों पर बमबारी करने और उनमें आग लगाने का आरोप लगाया, जिससे बड़ी मात्र में खाद्य आपूर्ति नष्ट हो गई। सूडानी सशत्र बलों (SAF) और RSF के बीच सशत्र संघर्ष कोडरेफान क्षेत्र में तेज हो गया है, जिसमें उत्तर, पश्चिम और दक्षिण कोडरेफान राज्य शामिल हैं।
गुरुवार को RSF ने दक्षिण कोडरेफान में अल-दीबात और पश्चिम कोडरेफन में अल-खिवाई कस्बों पर नियंत्रण का दावा किया। सूडानी सेना ने अभी तक इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। अप्रैल 2023 से सूडान SAF और RSF के बीच संघर्ष में उलझा हुआ है। इस युद्ध में हजारों लोग मारे गए हैं और लाखों लोगों को सूडान के भीतर और उसकी सीमाओं के पार अपने घरों से भागने पर मजबूर होना पड़ा है।