Site icon Dainik Savera Times

सूडान में अर्धसैनिक बलों ने किया भीषण हमला, 9 बच्चों की हुई मौत, अन्य 11 लोग घायल

खार्तूम : सूडान में अर्ध सैनिक बलों और सेना के बीच लड़ाई और तेज हो गई है। पश्चिमी सूडान के उत्तरी दारफुर राज्य की राजधानी एल फशर में अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्स के हवाई हमले में कम से कम नौ बच्चे मारे गए और 11 अन्य घायल हो गए। एल फशर में एक गैर-सरकारी समूह, प्रतिरोध समिति ने सोमवार को एक बयान में कहा, ‘आरएसएफ के एक ड्रोन ने अल-फशर के अल-तिजानिया में अल-हिजरा मस्जिद पर प्रोजेक्टाइल से हमला किया, जिसमें नौ बच्चों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।

मिली जानकारी के मुताबिक, कि जिस जगह को टारगेट किया गया था वो विस्थापितों को भेजन उपलब्ध कराने वाली एक रसोई थी। आरएसएफ ने अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। 15 अप्रैल, 2023 से पूरे सूडान में आरएसएफ और सूडानी सशस्त्र बलों के बीच भीषण संघर्ष चल रहा है। इधर 10 मई से एल फशर में भीषण झड़पें हो रही हैं। मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (ओसीएचए) ने पिछले महीने एक अपडेट में कहा कि घातक झड़पों में अब तक 16,650 लोगों की मौत हो चुकी है। संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन ने जून की शुरुआत में अनुमान लगाया था कि मौजूदा संघर्ष में सूडान में कम से कम 7.3 मिलियन लोग आंतरिक रूप से विस्थापित हैं।

Exit mobile version