बमबारी के लिए अब जगह ही कहां बची हैं?
गाजा शहर से विस्थापित हुए मोआज कहलौत ने कहा, ‘‘बमबारी के लिए अब जगह ही कहां बची हैं?’’ उन्होंने कहा कि युद्ध में तबाह हुए घरों का पता लगाने के लिए कई लोग जीपीएस का सहारा लेते हैं।
हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे
योजना के विवरण की औपचारिक घोषणा नहीं की गई और इसका सटीक समय और कार्यान्वयन भी स्पष्ट नहीं किया गया। इजराइली सरकार के इस कदम के पीछे हमास पर युद्धविराम वार्ता का समर्थन करने के लिए दबाव बनाना एक वजह हो सकती है। हमास द्वारा सात अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इजराइल पर हमला करने के बाद युद्ध की शुरुआत हुई थी। हमास के इस हमले में लगभग 1,200 लोग मारे गए थे, जिनमें से ज्यादातर नागरिक थे। हमास ने 251 लोगों का अपहरण कर लिया था। इजराइल का कहना है कि गाजा में 59 बंधक अब भी बचे हैं, जिनमें से लगभग 35 के मारे जाने की आशंका है।
दक्षिणी शहर खान यूनिस की रहने वाली महिला एनशिरा बहलौल ने कहा, ”उन्होंने (इजराइल ने) हमें तबाह कर दिया, हमें विस्थापित कर दिया और हमें मार डाला।” उन्होंने कहा कि हम इस दुनिया में सुरक्षा और शांति चाहते हैं। हम बेघर, भूखे और प्यासे नहीं रहना चाहते। कुछ इजराइली नागरिक भी इस कदम का विरोध कर रहे हैं। सोमवार को सरकार के ग्रीष्मकालीन सत्र के शुरू होने पर सैकड़ों लोगों ने संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। गाजा में बंधक बनाए गए लोगों के परिवार इस बात से भयभीत हैं कि सैन्य अभियान को बढ़ाना या जमीनों पर कब्जा करने से उनके रिश्तेदारों पर असर पड़ सकता है।
यह कदम युद्ध का अंत है या फिर एक साधन, स्पष्ट नहीं
सात अक्टूबर के हमले में बंधक बनाए गये इजराइली-अमेरिकी एडन अलेक्जेंडर के पिता आदि अलेक्जेंडर ने कहा, मैं युद्ध के विस्तार को समाधान के रूप में नहीं देखता.. ऐसा लगता है कि हम जहां एक वर्ष पहले थे, अब भी वहीं हैं। ओमरी मिरान (48) के संबंधी मोशे लवी ने कहा कि परिवार इस कदम को लेकर चिंतित है। मिरान अब तक जीवित माने जा रहे सबसे उम्रदराज बंधक हैं। उन्होंने कहा, हमें उम्मीद है कि यह हमास के लिए केवल एक संकेत है कि इजराइल वार्ता के लिए अपनी सरकारी और सैन्य क्षमताओं को रोककर अपने लक्षय़ के प्रति गंभीर बने। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह कदम युद्ध का अंत है या फिर एक साधन।

