Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका में विमान हादसा: क्रैश के बाद प्लेन लगी आग, 4 लोगों की मौत, देखें VIDEO

America Plane Crash: अमेरिका में एक बार फिर विमान हादसे की दुखद खबर सामने आई है। न्यू मैक्सिको स्थित सीएसआई एविएशन कंपनी का एक चिकित्सा परिवहन विमान उत्तरी एरिजोना के चिनले हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद विमान में आग लग गई, जिससे उसमें सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

मरीज को लेने जा रहे थे चिकित्साकर्मी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह विमान फ्लैगस्टाफ से करीब 200 मील (321 किमी) उत्तर-पूर्व की ओर चिनले हवाई अड्डे पर एक मरीज को लेने जा रहा था। विमान में सवार सभी लोग चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कर्मचारी थे।

लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा

संघीय उड्डयन प्रशासन (FAA) के अनुसार, बीचक्राफ्ट 300 नामक यह विमान दोपहर के समय हवाई अड्डे पर उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई। दुर्घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) और एफएए द्वारा की जा रही है।

नवाजो जनजाति के अध्यक्ष ने जताया शोक

नवाजो जनजाति के अध्यक्ष बुउ न्यग्रेन ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “ये वे लोग थे जिन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। इस नुकसान को गहराई से महसूस किया जा रहा है।”

पुलिस अधिकारी बोले – लैंडिंग के समय हुई गड़बड़ी

जिला पुलिस कमांडर एम्मेट याजी ने कहा, “वो विमान वहां उतरने की कोशिश कर रहा था, और दुर्भाग्य से कुछ तकनीकी या अन्य गड़बड़ी हो गई, जिससे यह हादसा हो गया।”

इस साल अमेरिका में कई विमान हादसे

इससे पहले इसी साल जनवरी में फिलाडेल्फिया में भी एक चिकित्सा विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें 8 लोगों की मौत हुई थी। उस मामले में विमान का वॉयस रिकॉर्डर काम नहीं कर रहा था, जिससे जांच में बाधा आई। हाल ही में 2 अगस्त 2025 को नॉर्थ कैरोलिना के ओक आइलैंड के पास एक निजी विमान समुद्र में गिर गया था। यह हादसा उस वक्त हुआ जब लोग बीच पर सैर कर रहे थे।

Exit mobile version