Site icon Dainik Savera Times

रनवे पर उतरते ही आग का गोला बना विमान, प्लेन में सवार था मंत्री… देखें भयावह Video

इंटरनेशनल डेस्क: कांगो के एक एयरपोर्ट का एक भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक विमान रनवे पर उतरते ही आग के बड़े गोले में बदलता दिखाई देता है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब कांगो के एक सरकारी मंत्री का विमान कोलवेजी हवाई अड्डे पर लैंडिंग कर रहा था।

विमान में सवार थे कांगो के खनन मंत्री

डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, इस विमान में कांगो के खनन मंत्री लुईस वाटम काबाम्बा और अन्य शीर्ष अधिकारी सवार थे। यह हादसा एंब्रेयर ERJ-145LR विमान (रजिस्ट्रेशन: D2-AJB) के साथ हुआ, जिसका संचालन एयरजेट अंगोला कर रही थी।विमान ने राजधानी किन्शासा से लुआलाबा प्रांत के कोलवेज़ी के लिए उड़ान भरी थी। सोमवार को रनवे 29 पर उतरते ही विमान के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। इसके बाद आग ने पूरे विमान को अपनी चपेट में ले लिया।

 

वीडियो में नजर आया रौंगटे खड़े कर देने वाला नजारा

सोशल मीडिया पर मौजूद वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान से आग की तेज लपटें उठ रही हैं और काला धुआं आसमान में फैल रहा है। एयरपोर्ट कर्मचारी पानी की नली से आग बुझाने की कोशिश करते दिखे। एक अन्य वीडियो में यात्री डर के मारे विमान से बाहर निकलने की कोशिश करते नजर आए। कुछ लोग खिड़की तोड़कर बाहर कूदते दिखे। कुछ भागते वक्त जमीन पर गिर भी गए। घबराहट के माहौल में लोग अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करते दिखे।

राहत की बात: किसी की जान नहीं गई

मंत्री के संचार सलाहकार इसहाक न्येम्बो ने बताया कि विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर बाहर चला गया, जिससे उसका मुख्य गियर टूट गया और विमान पलट गया। हालांकि, इस हादसे में किसी यात्री या क्रू मेंबर की मौत नहीं हुई, सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पूरी तरह जल गया विमान, जांच जारी

रिपोर्टों के मुताबिक, विमान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मंत्री कोलवेज़ी के पास एक खदान क्षेत्र का दौरा करने जा रहे थे, जहां हाल ही में भारी बारिश के कारण पुल गिरने से कई लोगों की मौत हुई थी।

Exit mobile version