Site icon Dainik Savera Times

Sudan में हुआ विमान दुर्घटनाग्रस्त, 9 लोगों की मौत, संघर्ष के हुए 100 दिन पूरे  

काहिराः सूडान में एक असैन्य विमान के हवाई अड्डे से उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार चार सैन्यकर्मियों समेत 9 लोगों की मौत हो गई। सेना ने यह जानकारी दी। उत्तर पूर्व अफ्रीकी देश में सोमवार को संघर्ष के 100 दिन पूरे हो गए हैं और संघर्ष कम होने के कोई आसार नजर नहीं आते। सेना ने एक बयान में कहा कि पोर्ट सूडान में रविवार को हुई दुर्घटना में एक बच्चा जीवित बचा है। पोर्ट सूडान लाल सागर पर एक शहर है जो सेना और विरोधी ताकतवर अर्धसैनिक बल ‘रैपिड सपोर्ट फोर्सेस’ (आरएसएफ) के बीच विनाशकारी युद्ध से अब तक बचा रहा था।
सेना ने बताया कि शहर के हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद ‘एंटोनोव’ विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सेना ने इस दुर्घटना के लिए विमान में तकनीकी खराबी को जिम्मेदार ठहराया। उसने हादसे के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। वित्त मंत्री गेब्रील इब्राहिम के अनुसार, मरने वालों में उनके सचिव अल-तहर अब्देल-रहमान भी शामिल थे। अप्रैल के मध्य से सूडान अराजकता में डूब गया है जब सेना और आरएसएफ के बीच महीनों तक चला तनाव राजधानी खातरूम और देश भर में अन्य जगहों पर खुले संघर्ष में तब्दील हो गया।
सूडान में नॉव्रेजियन शरणार्थी परिषद के निदेशक विलियम कार्टर ने कहा, ‘‘सूडान में युद्ध के 100 दिन हो गए हैं जिसमें अब तक कई लोगों की जान गई है और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। आगे और भी बुरी स्थिति होने की आशंका है।’’ स्वास्थ्य मंत्री हैथम मोहम्मद इब्राहिम ने पिछले महीने टेलीविजन पर अपने बयान में कहा था कि झड़पों में 3,000 से अधिक लोग मारे गए हैं और 6,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
चिकित्सकों और कार्यकर्ताओं के अनुसार हताहतों की संख्या और अधिक होने की आशंका है। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी यूनिसेफ ने सोमवार को कहा कि संघर्ष शुरू होने के बाद से उसने कम से कम 435 बच्चों की मौत दर्ज की है। एजेंसी ने कहा है कि 2,000 से अधिक बच्चे घायल हुए हैं।
Exit mobile version