Site icon Dainik Savera Times

भारत में बड़ा विमान हादसा, अहमदाबाद से लंदन की उड़ान पर था विमान

भारत के पश्चिमी राज्य गुजरात की राजधानी गांधीनगर के नजदीकी शहर अहमदाबाद में बड़ी विमान दुर्घटना हुई है। अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एयर इंडिया का लंदन जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में 242 से ज़्यादा यात्री सवार थे। जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह गुजरात राज्य के ही मूल निवासी हैं। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस हादसे पर गहरा शोक जताया है।

भारत में विमानों की उड़ान और रख-रखाव की नियामक संस्था नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी डायरेक्टरेट ऑफ सिविल एविएशन के अनुसार एयर इंडिया के विमान संख्या एआई 171 अहमदाबाद से लंदन के गैटविक की उड़ान पर था। यह विमान उड़ान भरते ही भारतीय समय के अनुसार दिन के एक बजकर 39 मिनट पर हादसाग्रस्त हो गया। इस विमान में दो पायलट और केबिन क्रू के 10 सदस्य शामिल थे। इस विमान की कमान अनुभवी पायलट केप्टन सुमीत सभरवाल के हाथ थी, जबकि उनके सहयोगी फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर थे। इस विमान में 169 भारतीय नागरिकों के साथ 53 ब्रिटिश, सात पुर्तगाली और एक कनाडा के नागरिक सवार थे।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के अनुसार, यह विमान दिन में एक बजकर 38 मिनट पर उड़ान भरा था और सिर्फ एक मिनट बाद ही हादसा हो गया। यह विमान अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके की एक बिल्डिंग गिर गया। जिस बिल्डिंग पर गिरा, वह डॉक्टरों का हास्टल है। हादसे के वक्त जूनियर डॉक्टर उस बिल्डिंग में दोपहर का खाना खा रहे थे। ऐसा माना जा रहा है कि इस बिल्डिंग के कई लोग हादसे के शिकार हुए। इन पंक्तियों को लिखे जाते वक्त इस हादसे में 170 लोगों के मरने की खबर है। इस हादसे में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन की अधिकारियों ने पुष्टि कर दी है।

नागरिक उड्डयन निदेशालय और एयर इंडिया के मुताबिक, यह विमान बोइंग का 787-8 ड्रीमलाइनर था, जो 11 साल पुराना था। इस विमान में दो इंजन होते हैं। निदेशालय के अनुसार विमान के कैप्टन सुमीत सभरवाल को 8200 घंटे विमान उड़ाने का अनुभव था। साल 2000 के बाद भारत में पहला बड़ा और दर्दनाक विमान हादसा है। इसके पहले भारत के दक्षिणी राज्य केरल के कोझिकोड, जिसे अब कालीकट नाम से जाना जाता है, में सात अगस्त 2020 को हुआ था। इसमें एयर इंडिया एक्सप्रेसका बोइंग 737-800 विमान हादसे का शिकार हो गया था। इस दुर्घटना में 17 यात्री और चालक दल के सदस्यों की मौत हो गई थी, जबकि 138 लोग घायल हुए थे। यह विमान रनवे पर उतरने के बाद रूक नहीं पाया था और गहरी खाई में जा गिरा था।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग) (लेखक— उमेश चतुर्वेदी)

Exit mobile version