Site icon Dainik Savera Times

PM Modi ने विदेश में भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के हमेशा किए प्रयास : Vinay Mohan Kwatra

अबू धाबीः विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्र ने बुधवार को यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विदेश में मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के हमेशा प्रयास किए हैं और अन्य देशों के नेताओं से बात की है। क्वात्र ने कतर की जेल में बंद भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों की रिहाई से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए कहा कि जब भी भारतीय समुदाय को समस्याओं का सामना करना पड़ा है, तो प्रधानमंत्री, उनके नेतृत्व और उनकी व्यक्तिगत कोशिशों ने यह सुनिश्चित किया है कि उन्हें भारत वापस लाया जाए।

कतर ने सोमवार को भारतीय नौसेना के उन आठ पूर्व कर्मियों को रिहा कर दिया, जिन्हें मौत की सजा सुनाई गई थी और जिनकी सजा को अलग-अलग अवधि की जेल की सजा में बदल दिया गया था। इनमें से सात भारतीय सोमवार को स्वदेश लौट आए। इन भारतीय नागरिकों को अगस्त 2022 में जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। क्वात्र ने प्रधानमंत्री की संयुक्त अरब अमीरात की यात्र की जानकारी देते हुए कहा, ‘‘यह भारतीय समुदाय के सामने आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए प्रधानमंत्री द्वारा अपनाए जाने वाले संवेदनशील नजरिए का प्रत्यक्ष प्रमाण है।’’

विदेश सचिव ने कहा कि पिछले 10 साल में जब भी भारतीय नागरिकों के सामने कोई समस्या आई है, तो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए न केवल विदेश मंत्रालय, बल्कि ‘‘पूरी सरकार’’ को शामिल करने का दृष्टिकोण अपनाया गया है। क्वात्र ने कहा, कि ‘भारतीय नागरिक, चाहे वे कहीं भी हों, उन्हें हर संभव और उचित मदद दी जानी चाहिए। ये प्रधानमंत्री के निर्देश हैं।’’ विदेश सचिव ने कहा, कि ‘उन्होंने (प्रधानमंत्री ने) अन्य देशों के नेताओं से बात करने की पहल की है और उन्होंने यह सुनिश्चित किया है कि भारतीय नागरिक जहां भी हों, वे सुरक्षित रहें और जरूरत पड़ने पर उन्हें भारत वापस लाया जाए।’’

क्वात्र ने कहा कि प्रधानमंत्री बुधवार शाम कतर जाएंगे। विदेश सचिव ने कहा कि भारत और कतर के बीच व्यापक संबंध हैं और प्रधानमंत्री की दोहा यात्र संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। क्वात्र ने कहा कि प्रधानमंत्री ने खाड़ी क्षेत्र के हर देश के साथ भारत के संबंधों को मजबूत करने के लिए व्यक्तिगत पहल की है।

Exit mobile version