Site icon Dainik Savera Times

PM Modi Visit Malaysia: पीएम मोदी पहुंचे मलेशिया, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत

PM Modi arrived in Malaysia

PM Modi arrived in Malaysia

नई दिल्ली: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया पहुंच चुके हैं। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत करने पहुंचे। पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर 7-8 फरवरी तक के लिए मलेशिया पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए मलेशिया में भारतीय समुदाय के लोगों में काफी उत्साह है। पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए उन्होंने क्लासिकल और लोकनृत्य की तैयारी की है।

प्रधानमंत्री इब्राहिम के स्वागत से बहुत खुश हूं- पीएम मोदी 

मलेशिया पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कुआलालंपुर में लैंड किया। एयरपोर्ट पर मेरे दोस्त, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के गर्मजोशी से किए गए स्वागत से बहुत खुश हूं। मैं हमारी बातचीत और भारत और मलेशिया के बीच दोस्ती के रिश्तों को और मजबूत करने का इंतजार कर रहा हूं।”

हम बहुत उत्साहित, कई हफ्ते से अभ्यास कर रहे: भारतीय समुदाय

पीएम मोदी के आगमन से उत्साहित एक भारतीय समुदाय की सदस्य ने कहा, “हम बहुत समय से मेहनत कर रहे हैं। हम बहुत उत्साहित हैं और कई हफ्ते से अभ्यास कर रहे हैं। 10 साल पहले पीएम मोदी यहां आए थे और हम तब भी इतने ही उत्साहित थे।” एक महिला ने कहा, “भारत के अलग-अलग राज्यों के लोग जो मलेशिया में रह रहे हैं, हम मिलकर अनेकता में एकता का प्रदर्शन करेंगे, जो कि भारत का मुख्य उद्देश्य है। हम सभी रंग और संस्कृति को साथ करके पीएम मोदी का स्वागत करेंगे। लगभग 800 लोग पीएम मोदी के स्वागत में एक साथ नृत्य करेंगे।”

 

भारत क्लब की एक अन्य सदस्य ने कहा, “पीएम मोदी के स्वागत के लिए हमने बहुत अच्छे से अभ्यास किया है। हमें बहुत बेसब्री से इंतजार था कि हम उन्हें अपनी आंखों के सामने देखें। हम अपने नृत्य के प्रदर्शन से उनका स्वागत करेंगे।” एक अन्य सदस्य ने कहा, “मैं भारत क्लब की प्रतिनिधित्व करती हूं। स्वागत के लिए हमारी एक टीम ने क्लासिकल और लोकनृत्य का अभ्यास किया है। हमें उम्मीद है कि हमारा कार्यक्रम बहुत अच्छे से होगा। हम डांस करके पीएम मोदी का स्वागत करेंगे। हमलोग भारतीय हैं, तो हम बहुत उत्साहित हैं। हमने डांस का बहुत अभ्यास किया है और ऐसे ही उनका स्वागत करेंगे।”

मैं पिछले सात सालों से मलेशिया में काम कर रहा

भारतीय समुदाय के एक अन्य सदस्य ने कहा, “मैं पिछले सात सालों से मलेशिया में काम कर रहा हूं। पीएम मोदी से व्यक्तिगत तौर पर मिलना हमारे लिए एक रोमांचक मौका है। मलेशिया में बहुत सारे भारतीय रहते और काम करते हैं, और यह हम सभी के लिए उनसे व्यक्तिगत तौर पर मिलने का मौका है। इसीलिए हम यहां हैं। वह दुनिया भर में घूम रहे हैं और कई देशों के साथ संबंध मजबूत कर रहे हैं। हम बहुत उत्साहित हैं। मुझे लगता है कि आज करीब 10,000 से 12,000 लोग एकजुट हुए हैं। यह हमारे प्रधानमंत्री को देखने और अगर हो सके तो उनसे मिलने का एक शानदार मौका है। उनसे मिलकर बहुत अच्छा लगेगा।”

Exit mobile version