यरुशलम : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसराइल की प्रौद्योगिकी कंपनियों को भारत में निवेश करने और भारतीय युवाओं के साथ साझेदारी करने का आमंत्रण दिया है। उन्होंने कृत्रिम मेधा (एआई) स्वास्थ्य सेवा और कृषि जैसे क्षेत्रों में अग्रणी नवाचारों को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी का बुधवार को दौरा किया। इस दौरान उनके साथ इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने जानकारी देते लिखा प्रदर्शनी में प्रौद्योगिकी जगत के विशेष नवाचारों की झलक देखने को मिली।
उन्होंने कहा, कृत्रिम मेधा, क्वांटम, स्वास्थ्य सेवा, साइबर सुरक्षा, जल संसाधन, कृषि आदि क्षेत्रों में इसराइली युवाओं के अग्रणी कार्यो को देखा। इसराइली कंपनियों से भारत में निवेश करने और हमारे प्रतिभाशाली युवाओं के साथ काम करने का आग्रह किया। प्रैस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदर्शनी में कृषि-प्रौद्योगिकी, जल-प्रौद्योगिकी, जलवायु-प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य-जैव प्रौद्योगिकी, स्मार्ट परिवहन, एआई, साइबर सुरक्षा और क्वांटम प्रौद्योगिकी में विशेषज्ञता रखने वाली अग्रणी इसराइली कंपनियों और शोध संस्थानों ने भाग लिया। विज्ञप्ति में कहा कि नवाचार एवं प्रौद्योगिकी साझेदारी भारत-इसराइल द्विपक्षीय संबंधों का प्रमुख आधार है।
दोनों देश इंडिया-इसराइल इनोवेशन ब्रिज पहल के माध्यम से आधुनिक चुनौतियों के समाधान विकसित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने वैज्ञानिकों, प्रौद्योगिकी उद्यमियों और विभिन्न कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने इसराइली कंपनियों से भारत में निवेश, विनिर्माण और प्रौद्योगिकी साझेदारी के अवसरों का पता लगाने तथा वैश्विक चुनौतियों के समाधान संयुक्त रूप से विकसित करने के लिए भारतीय युवाओं के साथ काम करने का आग्रह किया।

