Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ukraine के राष्ट्रपति Volodymyr Zelensky का America में हुआ गर्मजोशी से स्वागत

December 22, 2022

Ukraine के राष्ट्रपति Volodymyr Zelensky का America में हुआ गर्मजोशी से स्वागत

वाशिंगटनः यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का अमेरिका में बड़ी गर्मजोशी से स्वागत किया गया और इस दौरान जेलेंस्की ने दुनियाभर के लोगों का मुश्किल घड़ी में यूक्रेन का साथ देने के लिए शुक्रिया अदा किया। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ओवल कार्यालय में जेलेंस्की का स्वागत किया और दोनों ने वहां बातचीत की हैं। इसके बाद व्हाइट हाउस में दोनों ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में बाइडेन ने जेलेंस्की से कहा, कि ‘(आपके) नेतृत्व ने इस भयानक संकट के दौरान यूक्रेन के लोगों को प्रेरित किया।’’ जाे बाइडेन ने कहा, कि ‘नव वर्ष की ओर बढ़ते हुए अमेरिका और दुनियाभर के लोगों के लिए यह जरूरी है कि वे सीधे आपसे यूक्रेन में जारी युद्ध के बारे सुनें। 2023 में भी हमें एकसाथ खड़े रहने की जरूरत है।’’ जलेंस्की ऐसे समय अमेरिकी पहुंचे, जब रूस के यूक्रेन पर हमले का 300वां दिन था।

जाे बाइडेन ने इस आक्रमण को यूक्रेन के लोगों पर एक अकारण, अनुचित चौतरफा हमला बताया है। जेलेंस्की ने बुधवार को पूरे दिन शीर्ष अमेरिकी नेतृत्व के साथ बैठकें कीं और अमेरिकी कांग्रेस के एक संयुक्त सत्र को भी संबोधित किया। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि वह ‘‘अमेरिका और दुनियाभर के लोगों जिन्होंने यूक्रेन के लिए बहुत कुछ किया है, उनका धन्यवाद करने’’ यहां आए हैं। जेलेंस्की ने कहा, कि ‘मैं इन सभी का शुक्रगुजार हूं। अमेरिका की यह यात्रा अमेरिका व अमेरिकी नेतृत्व के साथ हमारे संबंधों के लिए वास्तव में ऐतिहासिक है।’’ जेलेंस्की ने बाइडेन को यूक्रेनी सैन्य पदक ‘द क्रॉस ऑफ मिलिट्री मेरिट’ भी सौंपा। यह विशेष पदक इस वर्ष की शुरुआत में एक यूक्रेनी अधिकारी को युद्ध के मैदान में उत्कृष्ट भूमिका निभाने के लिए दिया गया था।

अधिकारी ने इस सप्ताह की शुरुआत में बखमुत में राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की थी और कहा था कि वह अपना पदक कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में बाइडेन को देना चाहते हैं। जाे बाइडेन ने जेलेंस्की को दो ‘कमांड कॉइन’ भेंट किए। एक यूक्रेन के उस अधिकारी के लिए और दूसरा राष्ट्रपति जेलेंस्की के लिए दिया। अमेरिकी कांग्रेस में अपने संबोधन में जेलेंस्की ने कहा, कि ‘सभी बाधाओं, निराश परिदृशय़ों के बावजूद यूक्रेन हिम्मत नहीं हारा। यूक्रेन डटकर खड़ा है।’’ जेलेंस्की ने अरबों डॉलर की सैन्य मदद के लिए अमेरिका और उसके लोगों का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, कि ‘आपका पैसा कोई खैरात नहीं है।

यह वैश्विक सुरक्षा और लोकतंत्र की दिशा में आपका एक योगदान है, जिसका हम बेहद सोच-समझकर इस्तेमाल करेंगे।’’ इससे पहले अमेरिकी प्रतिनिधिसभा की अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी ने राष्ट्रपति जेलेंस्की को अमेरिका का झंडा भी भेंट किया। जेलेंस्की की यात्रा से कुछ समय पहले ही बुधवार को अमेरिका ने यूक्रेन को 1.85 अरब डॉलर की सैन्य सहायता देने की घोषणा की, जिसमें पैट्रियॉट मिसाइल की बैटरी भेजना भी शामिल है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 24 फरवरी को यूक्रेन के ‘‘ असैन्यकरण और नाजीवाद से मुक्ति’’ के नाम पर एक ‘‘विशेष सैन्य अभियान’’ शुरू किया था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें