Site icon Dainik Savera Times

राष्ट्रपति Trump ने Michigan Rally में किया डांस,दूसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने का मनाया जश्न

इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में मिशिगन में आयोजित भव्य रैली में न सिर्फ अपनी नीतियों और उपलब्धियों को उजागर किया, बल्कि मंच पर डांस कर उत्साह की नई लहर पैदा कर दी। ‘100 डेज ऑफ ग्रेटनेस’ शीर्षक वाली इस रैली ने ट्रंप के प्रशंसकों और समर्थकों को जोश से भर दिया।

व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक वीडियो क्लिप में ट्रंप को मंच पर तालियों की गड़गड़ाहट के बीच थिरकते और अपने समर्थकों को धन्यवाद देते देखा गया। उन्होंने कहा, “हम यहां आज रात एक ऐसे प्रशासन के सबसे प्रभावशाली और सफल 100 दिनों का उत्सव मनाने के लिए इकट्ठा हुए हैं, जिसने अमेरिका को फिर से मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।”

रैली के दौरान ट्रंप ने टैरिफ नीतियों, सीमाओं की सुरक्षा, और रोजगार के नए अवसरों को अपनी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिनाया। उन्होंने मिशिगन के ऑटो उद्योग की वापसी की बात करते हुए कहा, “कार कंपनियां मिशिगन लौट रही हैं क्योंकि हमारी टैक्स और शुल्क नीतियां दुनिया को आकर्षित कर रही हैं।”

ट्रंप ने अपने संबोधन में पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन पर तीखा हमला बोला और दोहराया कि 2020 का चुनाव उनसे ‘चुराया गया’ था। उन्होंने बाइडेन प्रशासन को विफल करार देते हुए कहा कि अमेरिका को अब दृढ़ नेतृत्व की जरूरत है। यह पहली बार नहीं था जब ट्रंप ने मंच पर डांस किया हो। इससे पहले ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन विक्ट्री रैली’ में भी वे अपने समर्थकों और परिवार के साथ जश्न मना चुके हैं। मिशिगन की यह रैली न सिर्फ एक राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन थी, बल्कि ट्रंप के आत्मविश्वास और उनके समर्थकों के साथ गहरे जुड़ाव को भी दर्शाती है।

ये भी पढ़ें: महाकाल की भक्ति में लीन हुईं कावेरी प्रियम, बोलीं- यहां की ऊर्जा को शब्दों में बयां करना मुश्किल

Exit mobile version