Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन : क्वेइचो नौका दुर्घटना में 10 की मौत, राष्ट्रपति शी ने दिए सख्त निर्देश

May 5, 2025

चीन : क्वेइचो नौका दुर्घटना में 10 की मौत, राष्ट्रपति शी ने दिए सख्त निर्देश

China : 4 मई (रविवार) को करीब शाम 4:40 बजे दक्षिण-पश्चिमी चीन के क्वेइचो प्रांत के छ्येनशी शहर में स्थित एक लोकप्रिय पर्यटक स्थल पर बड़ा हादसा हो गया, जब नदी में कई पर्यटक नौकाएं पलट गईं। इस दुखद दुर्घटना में कुल 84 लोग पानी में गिर गए। राहत और बचाव कार्य जारी रहा, और 5 मई को दोपहर पौने 1 बजे अंतिम लापता व्यक्ति को भी ढूंढ निकाला गया, लेकिन उसमें कोई जीवन संकेत नहीं था। कुल 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 70 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। हादसे में शामिल 4 लोग सुरक्षित हैं।

घटना के बाद चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने इस गंभीर दुर्घटना को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों को हरसंभव मदद और सांत्वना देने के साथ-साथ बचाव अभियान में पूरी ताकत झोंकने का आदेश दिया। राष्ट्रपति शी ने यह भी चेताया कि हाल के दिनों में कई क्षेत्रों में जानलेवा हादसे हुए हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों से आत्मसंतुष्टि से बाहर निकलकर जिम्मेदारियों को सख्ती से निभाने और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया।

शी चिनफिंग ने पर्यटक स्थलों, भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों, रिहायशी इलाकों और छुट्टियों के दौरान यात्रियों के परिवहन में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की जरूरत बताई, ताकि लगातार हो रही गंभीर दुर्घटनाओं की श्रृंखला को रोका जा सके।
वहीं, चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग ने भी बचाव और चिकित्सा कार्यों में तेजी लाने का अनुरोध करते हुए यह कहा कि मई दिवस की छुट्टियों के समापन पर स्थानीय अधिकारियों को व्यापक निरीक्षण करना चाहिए, ताकि संभावित खतरों को पहले ही पहचाना जा सके और बड़ी घटनाओं की रोकथाम की जा सके।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के निर्देशों के बाद, देश के उप प्रधानमंत्री चांग क्वोछिंग ने स्वयं राहत और बचाव कार्य का नेतृत्व करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया और मौके पर पहुंचकर कार्यों का मार्गदर्शन किया। अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में कुल चार नावें शामिल थीं। दो नौकाएं उस समय संचालन में थीं— एक में 38 पर्यटक और दो चालक दल के सदस्य सवार थे, जबकि दूसरी में 35 पर्यटक और दो क्रू मेंबर मौजूद थे। बाकी दो नावें किनारे पर खड़ी थीं, जिन पर कुल सात क्रू मेंबर थे। हादसे के समय पानी में गिरे सभी लोगों को निकाल लिया गया है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें