Site icon Dainik Savera Times

पुतिन ने यूक्रेन संघर्ष सुलझाने के प्रयासों के लिए मोदी, ट्रम्प को दिया धन्यवाद

मॉस्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन विवाद को सुलझाने में मदद करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन, ब्राजील तथा दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया है। बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, “मैं यूक्रेन विवाद को सुलझाने में मदद करने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति श्री ट्रंप को धन्यवाद देना चाहता हूं, हम सभी के पास अपने घरेलू मामलों को लेकर बहुत सारे मसले हैं।

लेकिन कई राष्ट्राध्यक्ष, जिनमें पीपल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के राष्ट्रपति, भारत के प्रधानमंत्री, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका गणराज्य के राष्ट्रपति शामिल हैं, जो इस मुद्दे पर विचार कर रहे हैं और इस पर अपना कीमती समय दे रहे हैं। हम इसके लिए उन सभी के आभारी हैं, क्योंकि इसका उद्देश्य एक महान मिशन को प्राप्त करना है और शत्रुता तथा जानमाल के नुकसान को बचाने का मिशन है। प्रधानमंत्री मोदी ने युद्ध का समाधान निकालने के लिए अपने प्रयासों में राष्ट्रपति पुतिन के साथ-साथ यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की से फ़ोन पर बात की है।

उन्होंने भारत का रुख़ सामने रखा है कि संघर्ष को हल करने का एकमात्र तरीका बातचीत और कूटनीति है, और युद्ध के मैदान में समाधान नहीं पाया जा सकता है। मोदी ने कहा है कि दोनों पक्षों को हिंसा बंद करनी चाहिए और इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए एक साथ बैठना चाहिए। गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच फरवरी 2022 में संघर्ष शुरू होने के बाद से भारत का यही रुख़ रहा है। उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र में भी भारत ने संघर्ष के लिए रूस की निंदा करने वाले प्रस्तावों पर मतदान से लगातार परहेज़ किया है। भारत यूक्रेन को राहत सामग्री भी भेज रहा है, जिसमें टेंट, बिस्तर, दवाइयाँ और अन्य चीज़ें शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- Punjab Weather Update: पंजाब में बदलेगा मौसम, अगले 2 दिन बारिश और तेज़ हवाओं का अलर्ट

Exit mobile version