Site icon Dainik Savera Times

San Diego में मस्जिद के बाहर चली ताबड़तोड़ गोलियां… मची अफरा-तफरी, 5 लोगों की मौत

USA firing News

इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका के San Diego में सोमवार (18 मई 2026) को एक बड़ी गोलीबारी की घटना सामने आई। जहां, शहर की सबसे बड़ी मस्जिदों में गिने जाने वाले इस्लामिक सेंटर के बाहर दो युवकों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में कुल 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दोनों हमलावर भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों की उम्र 17 और 19 साल थी। दोनों एक कार में सवार होकर मस्जिद के बाहर पहुंचे थे। वहां पहुंचते ही उन्होंने लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। घटना के समय इलाके में काफी लोग मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

 

सिक्योरिटी गार्ड समेत 3 लोगों की मौके पर मौत
सैन डिएगो पुलिस ने बताया कि जब अधिकारी घटनास्थल पर पहुँचे, तब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी थी। मरने वालों में मस्जिद का एक सिक्योरिटी गार्ड भी शामिल था। कई लोग घायल भी हुए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने लोगों और बच्चों को सुरक्षित निकाला
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियाँ मौके पर पहुंच गईं। आसपास के इलाके को घेर लिया गया और पास के स्कूल में मौजूद बच्चों व अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान भी चलाया।

 

 

कार में मृत मिले दोनों हमलावर
जाँच के दौरान पुलिस को दोनों हमलावर उनकी कार में मृत मिले। शुरुआती जाँच में माना जा रहा है कि दोनों ने संभवतः एक-दूसरे को गोली मार ली। हालांकि पुलिस अभी हर एंगल से मामले की जाँच कर रही है।

 

मां ने पहले ही पुलिस को दी थी चेतावनी
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमले में इस्तेमाल की गई बंदूक हमलावर के माता-पिता की थी। हमले से पहले उसकी माँ ने पुलिस को फोन कर बताया था कि उसका बेटा हथियार लेकर घर से निकला है और वह कुछ भी कर सकता है। इसके बाद पुलिस ने अलर्ट जारी किया था, लेकिन घटना को रोका नहीं जा सका।

पुलिस का कहना है कि मामले की जाँच कई पहलुओं से की जा रही है। इसमें हेट क्राइम यानी धार्मिक नफरत से जुड़े एंगल की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि हमला किसी खास समुदाय को निशाना बनाकर किया गया हो सकता है।

 

पास के इलाके में भी चली गोली
मस्जिद के बाहर फायरिंग के बाद पास के एक इलाके में भी गोली चलने की खबर सामने आई। वहाँ एक माली को गोली लगी, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी जान बचा ली। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों घटनाएँ आपस में जुड़ी हुई थीं या नहीं।

 

पूरे इलाके में दहशत
इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि जल्द ही मामले की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।

 

Exit mobile version