इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के इडाहो राज्य के ट्विन फॉल्स शहर में एक शॉपिंग एरिया में हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर हुए इस हमले में तीन लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
रेस्तरां के बाहर शुरू हुआ हमला
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फायरिंग की घटना दोपहर करीब 2:30 बजे एक लोकप्रिय फास्ट-फूड रेस्तरां के पास स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर ने बिना किसी चेतावनी के लोगों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियां घटनास्थल पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने हमलावर को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने गोलीबारी जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संदिग्ध हमलावर की मौत हो गई। पुलिस ने फिलहाल इलाके को सुरक्षित घोषित कर दिया है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें एक व्यक्ति राइफल लिए शॉपिंग एरिया में घूमता दिखाई दे रहा है। कुछ वीडियो में उसे पार्किंग क्षेत्र की ओर फायरिंग करते हुए भी देखा जा सकता है। हालांकि, इन वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस कर रही है हमले की वजह की जांच
ट्विन फॉल्स पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि अब आम लोगों के लिए कोई तत्काल खतरा नहीं है। जांच एजेंसियां हमलावर की पहचान, उसके आपराधिक या मानसिक स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड और हमले के संभावित मकसद की पड़ताल कर रही हैं। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें…
सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में बढ़ाई गई निगरानी
गोलीबारी के बाद पुलिस ने एहतियातन शॉपिंग एरिया के आसपास की कई सड़कों और एक नजदीकी पुल को कुछ समय के लिए बंद कर दिया। पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
मेष: दिन शुभ रहेगा...