वाशिंगटन: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की सोमवार रात वाशिंगटन डीसी स्थित व्हाइट हाऊस पहुंचे। वहां अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने पर चर्चा हुई। जेलेंस्की से मुलाकात के बाद ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत की। ट्रंप ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि रूस-यूक्रेन, दोनों देश एक-दूसरे से बातचीत के लिए तैयार हैं। जेलेंस्की से ये मेरी आखिरी मुलाकात नहीं है।
पुतिन और जेलेंस्की, दोनों युद्ध पर विराम लगाना चाहते हैं। जेलेंस्की, पुतिन के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं। ट्रंप ने आगे कहा कि मैंने पिछले 6 महीने में 6 युद्ध रुकवाए। हां यह मैं कह सकता हूं कि रूस-यूक्रेन युद्ध को लगाम लगा पाना एक कठिन काम है, लेकिन मुङो उम्मीद है कि यह युद्ध भी थम जाएगा। युद्ध खत्म करने के लिए रूस-यूक्रेन मिलकर काम करेंगे। ट्रंप ने आगे कहा कि सब कुछ ठीक रहा तो त्रिपक्षीय बातचीत भी होगी। ट्रंप का कहना है अगर जरूरत पड़ी तो मैं, जेलेंस्की और पुतिन के साथ बैठकर बातचीत करूंगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच युद्ध के लिए पूर्व अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन जिम्मेदार है।
ट्रंप ने कहा कि लोग मारे जा रहे हैं और हम इसे रोकना चाहते हैं। मैं राष्ट्रपति जेलेंस्की को जानता हूं, मैं खुद को जानता हूं, और मेरा मानना है कि व्लादिमीर पुतिन इसे समाप्त होते देखना चाहते हैं। हम यूक्रेन के साथ काम करने जा रहे हैं, हम सभी के साथ काम करने जा रहे हैं और हम यह सुनिश्चित करने जा रहे हैं कि शांति स्थापित होती है, तो लंबे समय तक बनी रहे। हम 2 साल की शांति के बारे में बात नहीं कर रहे हैं। वहीं, जेलेंस्की ने कहा कि युद्ध रुकना बेहद जरूरी है। हम देश में राष्ट्रपति चुनाव कराने के लिए तैयार हैं।
ये भी पढ़ें : मुनाफावसूली से सोना कमजोर, दाम ₹1.60 लाख प्रति 10 ग्राम के नीचे

