Site icon Dainik Savera Times

रूसी मिसाइल हमलों में मारे गए बच्चों को रिश्तेदारों ने नम आंखों से दी विदाई

यूक्रेनः यूक्रेन के मध्य शहर उमान में रूस के मिसाइल हमलों में मारे गए बच्चों तथा अन्य लोगों को उनके रिश्तेदारों तथा मित्रों ने नम आंखों से दफनाया। उमान में शुक्रवार को एक अपार्टमेंट में दो मिसाइल हमलों के कारण 23 लोगों की मौत हो गई थी। यूक्रेन के गृहमंत्री इहोर क्लिमेंको ने बताया कि मृतकों में छह बच्चे भी शामिल हैं। उमान में क्षतिग्रस्त इमारत पर लोगों ने मृतकों की तस्वीरें रखीं तथा उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। यूक्रेन की सीमा से लगते रूसी क्षेत्र ब्रायंस्क के गवर्नर एलेक्जेंडर बोगोमाज ने बताया कि यूक्रेन के रॉकेट हमले में चार लोगों की मौत हो गयी। ये रॉकेट यूक्रेनी सीमा से नौ किलोमीटर दूर सुजेम्का गांव के मकानों पर गिरे।

रविवार को ही खेरसन क्षेत्र के गवर्नर ओलेक्सांद्र प्रोकुदिन ने बताया कि पिछले 24 घंटे में रूस ने उनके क्षेत्र में 27 बार हमले किए जिसमें एक नागरिक की मौत हो गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने रविवार को फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों से हथियारों की आपूर्ति पर बात की। मैक्रों के कार्यालय ने बताया कि उन्होंने यूक्रेन को हरसंभव मदद देने की फ्रांस की प्रतिबद्धता को दोहराया।

Exit mobile version