Site icon Dainik Savera Times

नाम बदलने का अनुरोध प्राप्त होने पर ही किया जाता है विचार: ‘भारत’ विवाद पर संरा प्रवक्ता

संयुक्त राष्ट्र: जी-20 के रात्रिभोज निमंत्रण में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ की जगह ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ कहे जाने संबंधी विवाद के बीच संयुक्त राष्ट्र के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि वैश्विक निकाय नाम बदलने के लिए अनुरोध प्राप्त होने के बाद ही देशों की इस तरह की मांग पर विचार करता है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुतारेस के उप-प्रवक्ता फरहान हक ने बुधवार को पिछले साल तुर्की द्वारा अपना नाम बदलकर तुर्किये किए जाने का हवाला दिया।

‘इंडिया’ का नाम बदलकर ‘भारत’ किए जाने की अटकलों से संबंधित सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ”तुर्किये के मामले में सरकार की ओर से आधिकारिक अनुरोध प्राप्त होने के बाद हमने कदम उठाया था। जाहिर है कि अगर हमें इस तरह का अनुरोध मिलता है, तो हम उस पर वैसे ही विचार करेंगे जैसे हमें प्राप्त होगा।” जी-20 रात्रिभोज के निमंत्रण में राष्ट्रपति मुर्मू को ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ की जगह ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ कहे जाने के बाद देश में विवाद छिड़़ गया है। विपक्षी दलों ने नरेन्द्र मोदी सरकार पर देश का नाम ‘इंडिया’ से बदलकर भारत करने की योजना बनाने का आरोप लगाया है। इस बीच, प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को अपने मंत्रिपरिषद सहयोगियों से मुद्दे पर चल रहे राजनीतिक विवाद से बचने को कहा और उल्लेख किया कि ‘भारत’ देश का प्राचीन नाम है।

Exit mobile version