Site icon Dainik Savera Times

Indonesia में भूस्खलन के बाद लापता लोगों की तलाश में जुटे बचावकर्मी, 23 लोगों को मलबे से निकाला बाहर

जकार्ता: इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप पर सोने की एक अवैध खान में भूस्खलन के बाद बचावकर्मी मंगलवार को मलबा हटाकर लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रांतीय खोज एवं बचाव कार्यालय के प्रमुख हेरियांतो ने बताया कि दूरस्थ और पर्वतीय गांव बोन बोलांगो में रविवार को 100 से अधिक ग्रामीण सोने के लिए खुदाई कर रहे थे तभी आसपास के पर्वतों से कई टन मिट्टी गिरी जिससे उनके अस्थायी शिविर दब गए।

उनके कार्यालय द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 46 ग्रामीण भूस्खलन से बच निकले, बचावर्किमयों ने करीब 23 लोगों को जीवित बाहर निकाला जिनमें से 18 लोग घायल हैं। तीन महिलाओं व चार वर्षीय लड़के समेत 11 शव बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने पहले एक मृतक का नाम दो बार जोड़ लिया था जिससे मृतकों की संख्या 12 बतायी गयी थी लेकिन बाद में इसमें सुधार कर दिया गया।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता अब्दुल मुहारी ने बताया कि शनिवार से इस पर्वतीय जिले में हो रही मूसलाधारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ और एक तटबंध टूट गया जिससे बोन बोलांगों के पांच गांवों में बाढ़ आ गयी। बाढ़ के कारण करीब 300 मकान प्रभावित हुए और 1,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। एक स्थानीय बचाव अधिकारी इलाहुदे ने बताया,‘‘कई लोगों के लापता होने और कुछ दूरस्थ इलाकों तक संपर्क न होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। तलाश अभियान में खोजी कुत्तों की भी मदद ली जा रही है।

Exit mobile version