Site icon Dainik Savera Times

Saudi Arabia के साथ संबंध बहाल होने से बढ़ेगी क्षेत्रीय स्थिरता : Iran

तेहरानः ईरान ने सऊदी अरब के साथ राजनयिक संबंधों को फिर से शुरु करने तथा दो महीने के भीतर दूतावासों और मिशनों को फिर से खोलने के समझौते की सराहना की है। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एसएनएससी) के सचिव अली शामखानी ने कहा कि तेहरान-रियाद के बीच संबंधों की बहाली से क्षेत्रीय स्थिरता और सुरक्षा में सुधार होगा। शामखानी ने चीन की राजधानी बीजिंग में ईरान, सऊदी अरब और चीन के बीच एक त्रिपक्षीय समझौते पर इस्ताक्षर के बाद संयुक्त बयान में एसएनएससी से संबद्ध एक समाचार को बताया, कि ‘गलतफहमियों को दूर करने और तेहरान-रियाद संबंधों में भविष्य के मद्देनजर निश्चित रुप से क्षेत्रीय देशों और मुस्लिम दुनिया के बीच क्षेत्रीय स्थिरता एवं सुरक्षा का विस्तार और सहयोग का मार्ग प्रशस्त होगा।

इससे मौजूदा चुनौतियों का प्रबंधन हो सकेगा।’’ उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच स्पष्ट, पारदर्शी, व्यापक और रचनात्मक बातचीत हुई। उन्होंने दोनों देशों के बीच संबंधों के उत्थान में चीन की रचनात्मक भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह चुनौतियों के समाधान, शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक है। ईरानी विदेश मंत्री होसैन अमीर-अब्दुल्लाहियान ने ट्वीट कर कहा कि तेहरान और रियाद के बीच सामान्य राजनयिक संबंधों के बहाल होने से दोनों पक्षों, क्षेत्र और मुस्लिम दुनिया को ‘विशेष शक्ति’ मिलेगी।

Exit mobile version