Site icon Dainik Savera Times

अमेरिका में सड़क हादसा: ट्रक ने कार को मारी टक्कर… लगी आग, लपटों में घिरकर जिंदा जला पूरा परिवार

America accident : अमेरिका में एक दर्दनाक सड़क हादसे में हैदराबाद के एक ही परिवार के चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। बता दें कि मृतकों की पहचान वेंकट बेजुगम, उनकी पत्नी तेजस्विनी चोल्लेटी और उनके दो मासूम बच्चों सिद्धार्थ और म्रीदा बेजुगम के रूप में हुई है। यह परिवार मूल रूप से सिकंदराबाद के सुचित्रा क्षेत्र का रहने वाला था और फिलहाल अमेरिका के डलास के पास ऑबरी स्थित सटन फील्ड्स इलाके में रह रहा था।

मिनी ट्रक ने कार को मारी जोरदार टक्कर

घटना उस समय हुई जब पूरा परिवार अटलांटा में अपने रिश्तेदारों से मिलकर कार से डलास लौट रहा था। रास्ते में उनकी कार को एक मिनी ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिनी ट्रक तेज रफ्तार से गलत लेन में चल रहा था और सामने से आ रही बेजुगम परिवार की कार से सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद कार में भीषण आग लग गई, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

कार के उड़े परखच्चे… कुछ ही पलों में लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कुछ ही पलों में उसमें आग लग गई। हादसे के वक्त परिवार कार के अंदर ही फंसा रह गया और आग की लपटों में घिरकर जिंदा जल गया। स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

आग की लपटों में घिरकर जिंदा जला पूरा परिवार

इस भीषण दुर्घटना के बाद मृतकों के शवों को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। ‘टीम एड’ नामक एक गैर-लाभकारी संस्था मृत परिवार के दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने में मदद कर रही है। यह संगठन आपात स्थितियों में प्रवासियों की सहायता करता है और मृतकों के शवों को उनके देश भेजने में सहयोग करता है।

अंतिम संस्कार के लिए हैदराबाद भेजा जाएगा मृतकों के शव

टीम एड के एक सदस्य ने बताया, “मृतकों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए हैदराबाद भेजा जाएगा। शवों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए टेस्ट किए जा रहे हैं। यह प्रक्रिया पूरी होते ही शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।”

वहीं, अमेरिकी अधिकारी भी पहचान, दस्तावेजी प्रक्रियाओं और पार्थिव शरीरों को भारत भेजने से संबंधित सभी औपचारिकताओं को तेजी से पूरा कर रहे हैं।
इस हादसे ने भारतीय समुदाय और खासकर हैदराबाद में शोक की लहर दौड़ा दी है। सोशल मीडिया पर लोगों ने परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त ट्रैफिक नियमों की मांग की है।

Exit mobile version