इंटरनेशनल डेस्क: हॉलीवुड की मशहूर फिल्म ‘व्हेन हैरी मेट सैली’ के निर्देशक रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल रेनर अपने बंगले में मृत पाए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लॉस एंजिल्स के ब्रेंटवुड इलाके में स्थित उनके बंगले में रविवार को दो लोगों के शव मिले हैं। बताया जा रहा है कि दोनों की चाकू से गोदकर हत्या की गई है।
खबरों में कहा गया है कि लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने यह जानकारी दी है कि मृतकों की उम्र लगभग 78 और 68 साल के बीच थी। यह उम्र रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल की उम्र से मेल खाती है। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ नहीं है।
ये भी पढ़ें: सुबह-सुबह कांग्रेस के पूर्व विधायक के घर इनकम टैक्स विभाग की Raid, मचा हड़कंप
कौन थे रॉब रेनर?
रॉब रेनर हॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता, निर्देशक और सामाजिक कार्यकर्ता थे। उन्हें खासतौर पर रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘व्हेन हैरी मेट सैली’ के निर्देशन के लिए दुनियाभर में पहचान मिली। इसके अलावा उन्होंने 1970 के दशक के मशहूर टीवी शो ‘ऑल इन द फैमिली’ से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। रॉब रेनर प्रसिद्ध कॉमेडियन और लेखक कार्ल रेनर के बेटे थे। उन्होंने अपने करियर में फिल्मों और टीवी दोनों में लंबा और सफल सफर तय किया। वे ‘स्लीपलेस इन सिएटल’, ‘बुलेट्स ओवर ब्रॉडवे’, ‘EDtv’, ‘एवरीवन’स हीरो’ और ‘द वुल्फ ऑफ वॉल स्ट्रीट’ जैसी फिल्मों से भी जुड़े रहे।
निर्देशन में बनाई अलग पहचान
हालांकि रॉब रेनर ने अभिनय भी किया, लेकिन उन्हें असली पहचान निर्देशन से मिली। उन्होंने 1984 में ‘दिस इज़ स्पाइनल टैप’ से निर्देशन की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘स्टैंड बाय मी’, ‘द प्रिंसेस ब्राइड’ और ‘व्हेन हैरी मेट सैली’ जैसी सुपरहिट फिल्में दीं। 1990 के दशक में उन्होंने ‘मिज़री’ और ‘ए फ्यू गुड मेन’ जैसी गंभीर और मजबूत कहानियों वाली फिल्में बनाई। ‘ए फ्यू गुड मेन’ के लिए उन्हें ऑस्कर अवॉर्ड के लिए नामांकन भी मिला था। फिल्म इंडस्ट्री में उनका नाम एक भरोसेमंद और सफल निर्देशक के रूप में लिया जाता था।
1989 में हुई थी शादी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रॉब रेनर की मुलाकात फोटोग्राफर मिशेल सिंगर से 1980 के दशक के अंत में फिल्म ‘व्हेन हैरी मेट सैली’ के दौरान हुई थी। दोनों ने 1989 में शादी की थी। इस शादी से उनके तीन बच्चे हैं। दंपति कई सालों से लॉस एंजिल्स के ब्रेंटवुड इलाके में अपने घर में रह रहे थे।
आधिकारिक पुष्टि का इंतज़ार
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां जांच में जुटी हैं, जब तक प्रशासन की ओर से पुष्टि नहीं होती, तब तक इस खबर को मीडिया रिपोर्ट्स के दावे के तौर पर ही देखा जा रहा है।
दिल्ली Pollution का असर अब Supreme Court पर, CJI ने दे डाला यह आदेश

