Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘सूडान की राजधानी खार्तूम में आरएसएफ के हमले 16 नागरिकों की मौत’

September 4, 2023

‘सूडान की राजधानी खार्तूम में आरएसएफ के हमले 16 नागरिकों की मौत’

खार्तूम: सूडान की राजधानी खार्तूम में अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्स (आरएसएफ) के हमले में 16 नागरिक मारे गए हैं। यह जानकारी सूडानी सशस्त्र बल (एसएएफ) ने रविवार को दी। सेना ने कहा कि आरएसएफ ने खार्तूम के पश्चिमोत्तर में उत्तरी ओमडुरमन में करारी और वाड अल-बखित इलाकों में ‘अंधाधुंध गोलाबारी’ की, जिसमें 13 नागरिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। सेना ने कहा, “आरएसएफ ने अल-मसीद क्षेत्र (खार्तूम के दक्षिण) में भी हमला किया और नागरिकों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें तीन नागरिकों की मौत हो गई।”

सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया कि खार्तूम के दक्षिण में अल-शजारा क्षेत्र में भी दोनों सेनाओं के बीच झड़पें हुईं, जिसमें आरएसएफ के पांच सदस्य मारे गए और छह अन्य घायल हो गए। वहीं, आरएसएफ ने एसएएफ पर सूडान के दक्षिण राज्य दारफुर की राजधानी न्याला में आवासीय इलाके में बमबारी करने का आरोप लगाया, जिसमें 14 नागरिक मारे गए और कई घायल हो गए। अर्धसैनिक बलों ने एक बयान में कहा कि ओमडुरमैन शहर के पश्चिम में एसएएफ के इंजीनियर्स कोर बेस पर हमले के दौरान रविवार को उसके 60 सैनिक मारे गए।

सूडान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार सूडान में 15 अप्रैल से खार्तूम और अन्य क्षेत्रों में एसएएफ और आरएसएफ के बीच घातक सशस्त्र झड़पें देखी जा रही हैं, जिसमें 3,000 से अधिक लोग मारे गए और 6,000 से अधिक घायल हुए हैं. मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के नवीनतम अपडेट के अनुसार संघर्ष के कारण सूडान के अंदर और बाहर 40.5 लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें