Site icon Dainik Savera Times

अंतरराष्ट्रीय कानून के जरिए करेंगे पश्चिमी प्रतिबंधों से मुकाबला, रूस और बेलारूस का ऐलान

Russia and Belarus Declare: रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि रूस और बेलारूस इंसाफ को बनाए रखने और विभिन्न प्रकार के अवैध पश्चिमी प्रतिबंधों का मुकाबला करने के लिए अंतरराष्ट्रीय कानून का इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने यह बात बेलारूसी शहर ब्रेस्ट में एक प्रेस कॉन्प्रेंस में कही। लावरोव और बेलारूसी विदेश मंत्री मैक्सिम रायजेनकोव ने दोनों देशों के विदेश मंत्रलयों की एक बैठक में भाग लिया।

इस दौरान दोनों पक्षों ने बेलारूस और रूस के खिलाफ एकतरफा दबावपूर्ण नीतियों और प्रतिबंधों को लेकर ज्वाइंट एक्शन प्लान तैयार किया। दोनों ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक प्रक्रियाओं पर एक समान विचार व्यक्त किए।

रिपोर्ट के अनुसार, लावरोव ने कहा कि पश्चिम ने अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन किया है। वहीं विश्व व्यापार संगठन, अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष, विश्व बैंक के सभी नियमों और वैश्वीकरण की अवधारणा की भी धज्जियां उड़ा दी हैं। रूसी विदेश मंत्री ने कहा कि पश्चिम निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा जैसे सिद्धांतों की वकालत करता है, लेकिन रूस, बेलारूस और कई अन्य देशों के साथ व्यवहार करते समय वह दोहरे मापदंड अपनाता है।

इस दौरान रायजेनकोव ने कहा कि शंघाई सहयोग संगठन और ब्रिक्स जैसे बहुपक्षीय संगठन एक निष्पक्ष और टिकाऊ बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था की स्थापना का मूल हैं। बेलारूस इन मंचों पर सक्रिय रूप से काम करने के लिए तैयार है।

Exit mobile version