इंटरनेशनल डेस्क : रूस और यूक्रेन के बीच पिछले 3 साल से भीषण जंग चल रही है। रूस ने शनिवार रात को यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया। बताया जा रहा है कि एक साथ यूक्रेन पर 537 ड्रोन और मिसाइलें दागी गईं। हमले को रोकने की भरपूर कोशिश यूक्रेन ने की। इस दौरान उसका एक F-16 भी क्रैश हो गया। यूक्रेन पर रूस लगातार कहर बरपा रहा है।
कीव से लेकर लवीव तक लगातार धमाकों की आवाजें सुनी जा रही हैं। बताया जा रहा है कि बीती रात अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया गया है। रूस की स्ट्राइक में अब तक लगभग 3 एफ-16 एडवांस्ड फाइटर जेट गिराए जा चुके हैं। इस जंग में एक पायलट भी मारा गया है। रूसी सेना ने अपने हमले में 477 ड्रोन, डिकॉय और 60 मिसाइलें दागीं।
कई हमलों को नाकाम किया गया
यूक्रेन ने दावा किया है कि उसकी वायुसेना ने 249 ड्रोन्स को मार गिराया। 226 मिसाइलों और ड्रोन्स को इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग के जरिए रडार से गायब कर दिया गया। यूक्रेन के अनुसार एफ-16 के पायलट ने 7 हमलों को पूरी तरह नाकाम कर दिया। आखिरी मिसाइल गिराते समय विमान चपेट में आ गया। इसके बाद विमान में आग लग गई।
पायलट ने अपनी जान की परवाह किए बिना विमान को आबादी से दूर ले जाकर गिरा दिया। पायलट अपनी जान नहीं बचा सका। अमेरिका ने ही यूक्रेन को डिफेंस करने के लिए एफ-16 प्रदान किए थे। अब तक यूक्रेन अपने 3 एफ-16 जंग में खो चुका है।
बातचीत करने को तैयार
28 जून की रात को रूस ने अपने ओलेन्या एयरबेस (मुरमान्स्क) से 3 Tu-95 बमवर्षक यूक्रेन की तरफ रवाना किए थे। बताया गया है कि ये बमवर्षक किंजल जैसी हाइपरसोनिक मिसाइलों को ले जाने में सक्षम हैं। हाल ही में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बयान सामने आया था कि वे लोग इस्तांबुल में बातचीत करने को तैयार हैं। अब रूसी हमले के बाद स्थिति बदल गई है।

