Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

Russia Ukraine War : यूक्रेन पर रूस के भीषण हमले… 9 लोगों की हुई मौत, 63 अन्य घायल

April 24, 2025

Russia Ukraine War : यूक्रेन पर रूस के भीषण हमले… 9 लोगों की हुई मौत, 63 अन्य घायल

Russia Ukraine War: रूस ने बुधवार रात यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमला किया, जिसमें नौ लोग मारे गए और छह बच्चों सहित 63 अन्य घायल हो गए। यूक्रेनी अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन ने कहा कि रूस ने कीव पर ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा ने बताया कि कम से कम 42 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे में दबे शवों को ढूंढने के लिए गुरुवार सुबह से ही बचाव कार्य जारी है।

शहर के सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने कहा कि इन हमलों के कारण कई आवासीय भवनों में आग लगने की खबरें हैं। हमला रात करीब एक बजे शुरू हुआ और कीव के कम से कम चार इलाकों को निशाना बनाया गया। स्वियातोशिन्स्की जिले में हमले से क्षतिग्रस्त एक आवासीय इमारत में आग लग गई।

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब शांति वार्ता ठप्प पड़ती दिख रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की पर निशाना साधते हुए कहा कि वह संभावित शांति योजना के तहत क्रीमिया को रूस को सौंपने के प्रस्ताव को अस्वीकार करके युद्ध को खींच रहे हैं।

बुधवार को लंदन में अमेरिकी, यूरोपीय और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच उच्च स्तरीय वार्ता से पहले ज़ेलेंस्की ने किसी भी समझौते के तहत यूक्रेन द्वारा इस क्षेत्र को रूस को सौंपने के विचार को खारिज कर दिया था। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, “इस बारे में कोई बात नहीं होगी। यह हमारी भूमि है, यूक्रेनी लोगों की भूमि है।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें