Site icon Dainik Savera Times

Russia Ukraine War : रूस में यूक्रेन के ड्रोन हमलों में तीन लोगों की हुई मौत, कई घायल

Russia Ukraine War: यूक्रेन और रूस के बीच जारी संघर्ष एक बार फिर तेज़ हो गया है। शनिवार को रूस के विभिन्न क्षेत्रों में यूक्रेन की ओर से किए गए ड्रोन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। रूस के अधिकारियों और रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की पुष्टि की है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रूस की वायुसेना ने कुल 112 ड्रोन को मार गिराया। ये ड्रोन हमले रूस के आठ क्षेत्रों और क्रीमिया में किए गए थे, जो वर्तमान में रूस के कब्जे में है।
रोस्तोव क्षेत्र के कार्यवाहक गवर्नर यूरी स्ल्यूसर ने जानकारी दी कि यूक्रेन की सीमा से लगे इस क्षेत्र में एक ड्रोन हमले के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई।पेन्जा क्षेत्र में एक व्यापारिक परिसर पर ड्रोन गिरा, जिससे एक महिला की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। यह जानकारी क्षेत्रीय गवर्नर ओलेग मेल्निचेंको ने दी। वहीं समारा क्षेत्र में एक ड्रोन एक इमारत पर गिरा, जिससे आग लग गई और वहां मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति की जान चली गई। इस घटना की पुष्टि क्षेत्रीय गवर्नर व्याचेस्लाव फेडोरिशचेव ने की।
दूसरी ओर, यूक्रेन की वायुसेना ने दावा किया है कि रूस ने शनिवार रात को यूक्रेन पर 53 ड्रोन से हमला किया, जिनमें से 45 ड्रोन को वायुरक्षा प्रणाली ने नष्ट कर दिया। गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव के अनुसार, रातभर चले रूसी ड्रोन हमलों में 11 लोग घायल हो गए।
ये भी पढ़ें : ‘हार का शतक लगाने की तैयारी में है कांग्रेस’, असम में पीएम मोदी का कांग्रेस पर तीखा हमला
Exit mobile version