Site icon Dainik Savera Times

Russia Ukraine War: यूक्रेन ने रूस पर दागे कई मिसाइलें, हमले में 5 की हुई मौत, 37 घायल

मॉस्को: रूस के बेलगोरोड क्षेत्र पर यूक्रेनी सेना के हमले में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 37 अन्य घायल हो गए। यह जानाकारी क्षेत्रीय गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैडकोव ने शुक्रवार शाम अपने टेलीग्राम चैनल पर दी। ग्लैडकोव ने कहा कि यूक्रेनी सशस्त्र बलों ने बेलगोरोड शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों पर गोलाबारी करने के लिए वैम्पायर मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम से क्लस्टर बमों का उपयोग किया, जिससे महत्वपूर्ण क्षति हुई और लोग हताहत हुए।

गवर्नर ने कहा कि एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले एक महिला और चार पुरुषों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। ग्लैडकोव ने कहा कि यूक्रेनी हमले में छह बच्चों सहित कुल 37 नागरिक घायल हुए। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को इलाज के लिए बेलगोरोद की चिकित्सा सुविधाओं में भर्ती किया गया है, जिनमें से सात वयस्क और तीन बच्चों की हालत गंभीर है।

ग्लैडकोव के अनुसार, हमला बेलगोरोड में व्यापक संपत्ति की क्षति का कारण बना, दो अपार्टमेंट इमारतों की छतें और खिड़कियां चकनाचूर हो गई और सामाजिक सुविधाओं और वाणिज्यिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। शहर के बाहरी इलाके में हमले से लगी आग को बुझा दिया गया है।

गवर्नर ग्लैडकोव ने कहा कि हमले में बेलगोरोद शहर के दक्षिण में स्थित दुबोवोये गांव में एक शॉपिंग सेंटर के पास 13 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और दो घरों, एक कार तथा एक गैराज में आग लग गई।

Exit mobile version