
Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच तीन साल से अधिक समय से जारी जंग अब और भी भयावह होती जा रही है। शुक्रवार रात रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला कर दिया। इस हमले में राजधानी के कई हिस्सों को भारी नुकसान पहुंचा है और कम से कम 23 लोग घायल हुए हैं।
कीव बना रूस का मुख्य निशाना
रूस की ओर से किए गए इस भीषण हमले में राजधानी कीव को खासतौर पर निशाना बनाया गया। कीव के मेयर विटाली क्लिटस्को ने बताया कि 14 घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। रातभर कीव में धमाकों, ड्रोन की आवाजों और मशीनगनों से गोलीबारी की आवाजें सुनाई देती रहीं।
रूस की वायुसेना का दावा 550 हमले किए
रूसी वायुसेना ने जानकारी दी कि इस हमले में 550 ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया। इनमें अधिकतर हमले ईरान में बने शाहिद ड्रोन से किए गए, जबकि 11 मिसाइलें भी दागी गईं। यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली ने दावा किया कि उसने 270 लक्ष्यों को मार गिराया, जिनमें दो क्रूज मिसाइलें भी शामिल थीं। वहीं, 208 लक्ष्य रडार से गायब हो गए जिन्हें जाम कर दिया गया माना जा रहा है।
टारगेट पर रहे 8 स्थान, मलबा 33 जगह गिरा
यूक्रेन की रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस की ओर से दागी गई 9 मिसाइलें और 63 ड्रोन ने कुल 8 स्थानों को निशाना बनाया। वहीं रोके गए ड्रोनों का मलबा कम से कम 33 अलग-अलग इलाकों में गिरा है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
ट्रंप-पुतिन बातचीत के बाद हुआ हमला
रूसी हमले का समय भी चर्चा का विषय बन गया है। यह हमला अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई बातचीत के कुछ घंटों बाद ही हुआ है। इसे लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
रूस को भी झटका, टॉप जनरल की मौत
इस हमले के बीच रूस को भी एक बड़ा झटका लगा है। रूसी नौसेना के उप प्रमुख मेजर जनरल मिखाइल गुडकोव की मौत हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना यूक्रेन की सीमा से लगे रूस के कुर्स्क क्षेत्र में हुई। रूस के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि जनरल गुडकोव की मौत सैन्य अभियान के दौरान हुई, हालांकि उन्होंने इस ऑपरेशन के बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...