Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

रूसी सेना ने एक बार फिर Ukraine को बनाया निशाना, 4 लाेगाें की हुई मौत, 37 घायल

August 26, 2024

रूसी सेना ने एक बार फिर Ukraine को बनाया निशाना, 4 लाेगाें की हुई मौत, 37 घायल

कीव : रूसी सेना ने एक बार फिर यूक्रेन को निशाना बनाया है। रूस ने रविवार को उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन पर हमले किए हैं। इस हमले में 4 लोगों की मौत हो गई और 37 लोग घायल हो गए। यूक्रेन की सेना और स्थानीय अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। यूक्रेन की वायुसेना ने रविवार को मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम पर बताया कि रूस ने यूक्रेन के सीमावर्ती क्षेत्रों चेर्नहिव, सुमी, खार्किव और डोनेट्स्क में रात भर हमले किए।

स्थानीय अधिकारियों ने टेलीग्राम पर बताया कि सुमी के उत्तरी क्षेत्र पर मिसाइल से हमला किया गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए। इनमें 3 बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा खार्किव क्षेत्र के गवर्नर ओलेह सिनेहुबोव ने जानकारी देते हुए बताया कि रूसी हमलों में 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक 4 वर्षीय बच्चा भी है।

वहीं, खार्किव के मेयर इगोर तेरेखोव ने कहा कि रूसी हमलों के कारण शहर की एक गैस पाइपलाइन तबाह हो गई है। इसके अलावा 10 घरों को भी नुकसान पहुंचा है। इनमें से 2 घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं। यूक्रेनी वायु सेना ने एक बयान में कहा कि रूस ने 9 हमलावर ड्रोन को लॉन्च किया था। इनमें से 8 ड्रोन को यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली ने मायकोलाइव क्षेत्र में मार गिराया गया है।

वायु सेना ने कहा, कि ‘ज्यादातर मिसाइलें अपने लक्ष्यों तक नहीं पहुंच पाई, लेकिन रूस ने एक इस्केंडर-एम बैलिस्टिक मिसाइल, एक इस्केंडर-के क्रूज मिसाइल और 6 गाइडेड एयर मिसाइल को लॉन्च किया था।‘ हालांकि, यूक्रेन ने यह नहीं बताया है कि इनमें से कितनी मिसाइलों को मार गिराया है। खेरसॉन के सैन्य प्रशासन के प्रमुख रोमन मरोचको के अनुसार, खेरसॉन के दक्षिणी क्षेत्र में रूसी हमले दिनभर जारी रहे। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए।

फिलहाल, इस हमले पर रूस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं है। बता दें कि रूस लगातार यूक्रेन के सीमावर्ती क्षेत्रों को निशाना बना रहा है। इस बीच कीव ने कहा कि यूक्रेनी सेना द्वारा रूस के कुर्स्क क्षेत्र में इस महीने की शुरुआत में किए गए हमले का उद्देश्य मॉस्को के हमलों को रोकना था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें