Site icon Dainik Savera Times

कीव पर रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों की बारिश, जेलेंस्की बोले- अब तक के सबसे भीषण हमलों में से एक

Russian ballistic missiles rain down on Kyiv

Russian ballistic missiles rain down on Kyiv

मास्को: रूस ने 24 घंटों के भीतर कीव के ड्रोन हमले का जवाब बैलिस्टिक मिसाइलों से दिया है। रविवार को करीब पांच घंटे तक चले इस भीषण हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। हमले के कारण शहर के कई हिस्सों में आग लग गई और इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इसे अब तक के बड़े हमलों में से एक करार दिया है।

करीब 40 मिसाइलें दागीं और 120 ड्रोन हमले किए

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तबाही की तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने बताया कि रूस ने राजधानी कीव पर अलग-अलग तरह की करीब 40 मिसाइलें दागीं और 120 ड्रोन हमले किए। इन हमलों में एक शख्स की मौत हो गई जबकि 16 घायल हैं। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, रूस ने कीव पर लगभग 40 इस्कंदर-एम और हाइपरसोनिक जिरकॉन मिसाइलें दागीं। रात करीब 1:30 बजे (स्थानीय समयानुसार) हवाई हमले का सायरन बजा, जिसके तुरंत बाद वायु रक्षा प्रणालियां सक्रिय हो गईं।

कुछ ही मिनटों में लगातार धमाकों और विस्फोटों की आवाजें सुनाई देने लगीं। राजधानी के ऐतिहासिक केंद्र स्थित कई घर तेज धमाकों से हिल गए और सड़कों पर खड़ी कारों के अलार्म बजने लगे। अधिकारियों के अनुसार, एक घंटे से भी कम समय में दर्जनों मिसाइलें शहर पर गिरीं। सुबह 6:30 बजे दोबारा हवाई हमले का सायरन बजा और शहर के विभिन्न हिस्सों में फिर से विस्फोट दर्ज किए गए। हमले में मध्य कीव के शेवचेंकिव्स्की जिले की तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई।

लोगों ने वीडियो साझा किए

बचाव दल ने मलबे में फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। इसके अलावा शहर के चार अन्य इलाकों में भी कार्यालयों, रिहायशी इमारतों और एक छात्रावास में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। हमले के दौरान लुक्यानिव्स्का मेट्रो स्टेशन में शरण लिए लोगों ने वीडियो साझा किए, जिनमें शक्तिशाली धमाके के कारण स्टेशन के प्रवेश कक्ष की छत का एक हिस्सा गिरता दिखाई दिया। सुरक्षा कारणों से स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। कीव की सैन्य प्रशासन ने टेलीग्राम पर बयान जारी किया। बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं, मेयर विताली क्लिट्स्को ने सात लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।

2022 से दोनों देशों के बीच जंग जारी 

रूस-यूक्रेन के बीच फरवरी 2022 से ही पूर्ण पैमाने पर आक्रमण जारी है। लगभग रोजाना दोनों एक दूसरे को निशाना बना रहे हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की लगातार पश्चिमी देशों से वायु रक्षा प्रणाली मजबूत करने और अमेरिकी पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों की अतिरिक्त आपूर्ति की मांग कर रहे हैं, जो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करने में सक्षम हैं। शनिवार को यूक्रेनी ड्रोन हमलों में मास्को और तांबोव क्षेत्रों के ई-कॉमर्स गोदामों को निशाना बनाया गया, जहां आठ लोगों की मौत हुई और कई स्थानों पर भीषण आग लग गई थी। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दावा किया कि इन लॉजिस्टिक्स केंद्रों का उपयोग ड्रोन निर्माण और नेविगेशन उपकरणों के लिए प्रतिबंधित पुर्जों की आपूर्ति में किया जा रहा था।

Exit mobile version