मॉस्को: रूसी मिलिट्री इंटेलिजेंस के वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर अलेक्सेयेव पर मॉस्को में अज्ञात हमलावर ने गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अलेक्सेयेव को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जांच समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेंको ने बताया कि हमलावर ने अलेक्सेयेव पर कई गोलियां चलाईं, लेकिन अभी तक हमले के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। अलेक्सेयेव 2011 से रूसी मिलिट्री इंटेलिजेंस के पहले डिप्टी हेड के रूप में कार्यरत हैं और उन्हें रूस का सर्वोच्च सम्मान ‘हीरो ऑफ रशिया’ भी मिल चुका है।
हमले की घटना स्थल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमला उनके अपार्टमेंट भवन के लिफ्ट हॉल या मुख्य प्रवेश द्वार के पास हुआ। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि उन्हें पीठ में तीन या अधिक गोलियां लगीं, जबकि अन्य रिपोर्टों में छह गोलियों की बात कही जा रही है। हमलावर अभी फरार है और सुरक्षा एजेंसियां उसकी खोज में लगी हुई हैं। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठा किए हैं।
ये भी पढ़ें: BREAKING: जुमे की नमाज के दौरान पाकिस्तान में जबरदस्त धमाका, पूरे शहर में इमरजेंसी लागू
रूस के लिए गंभीर चुनौती
अलेक्सेयेव रूसी खुफिया और विशेष अभियानों के महत्वपूर्ण हिस्से रहे हैं। उनकी भूमिका रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान विशेष रूप से अहम मानी जाती है। 2023 में वैगनर विद्रोह के दौरान उन्होंने विद्रोही सैनिकों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। अभी तक किसी संगठन या व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
रूसी अधिकारी हमलावर की पहचान करने और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रकार का हमला रूस की खुफिया एजेंसियों के लिए बड़ा झटका हो सकता है।

