Site icon Dainik Savera Times

इजरायल के हवाई हमले में हिजबुल्लाह के वरिष्ठ कमांडरों की मौत, ड्रोन ऑपरेशन्स संभालने वाला अधिकारी भी ढेर

Israel Hezbollah

Israel Hezbollah War : इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने बताया कि उसने हिजबुल्लाह के मिसाइल और रॉकेट ऑपरेशन्स के प्रमुख, जैफर खादेर फाओर को मार गिराया है। IDF ने शनिवार को कहा कि फाओर को दक्षिणी लेबनान के जोवाइया गांव में एक हवाई हमले में मारा गया।

IDF के अनुसार, फाओर ने पिछले साल 8 अक्टूबर को हिजबुल्लाह के हमलों की शुरुआत की थी, जिसके बाद वह इजरायली नागरिकों और सैनिकों पर कई बार हमले करवा चुका था। उसने इजरायल के कब्जे वाले गोलन हाइट्स पर भी कई रॉकेट हमले किए, जिसमें जुलाई में एक द्रूज गांव पर हमले में 12 बच्चों और किशोरों की जान गई थी।

IDF ने बताया कि हिजबुल्लाह के इस नासिर यूनिट के एक और वरिष्ठ अधिकारी को हवाई हमले में मार गिराया है, जो ड्रोन ऑपरेशन्स संभालता था।

हिजबुल्लाह ने इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। इजरायली सेना ने कहा कि जैफर खादेर फाओर नासिर यूनिट का प्रमुख था, जो माउंट डोव और बिंत जेबैल क्षेत्र की देखभाल करता था।

इसके अलावा, इजरायली वायु सेना ने लेबनान और सीरिया के बीच अल-क़ा जोसिये सीमा को भी दूसरी बार निशाना बनाया, जिससे वहां 10 मीटर लंबा और 4 मीटर गहरा गड्ढा हो गया और यह मार्ग अब पूरी तरह बंद हो गया है।

इस संघर्ष के चलते, 8 अक्टूबर 2023 से अब तक इजरायली हमलों में लेबनान में 2,968 लोगों की मौत हो चुकी है और 13,319 लोग घायल हुए हैं। इजरायली सेना का कहना है कि हिजबुल्लाह इन सीमाओं से हथियार और अन्य सैन्य सामान लेबनान में ला रहा है।

23 सितंबर से इजरायल और हिजबुल्ला के बीच बॉर्डर पर गतिरोध तेज है, जिसके चलते क्षेत्रीय टकराव की आशंका बढ़ चुकी है क्योंकि गाजा में इजरायल और हमास का टकराव पहले से ही जारी है।

 

Exit mobile version