Site icon Dainik Savera Times

ब्राजील में आठ जनवरी को हुए दंगों के मामले में सात वरिष्ठ सैन्य पुलिस अधिकारी गिरफ्तार

ब्रासीलिया: ब्राजील की संघीय पुलिस ने राजधानी ब्रासीलिया में सरकारी भवनों पर आठ जनवरी को हुए हमलों के मामले में दक्षिण पंथी दंगाइयों की मदद करने के आरोप में सात वरिष्ठ सैन्य पुलिस अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।अभियोजकों का कहना है कि अधिकारियों के मोबाइल फोन में मिले संदेशों से इस बात का पता चलता है कि ब्रासीलिया की सैन्य पुलिस को पता था कि हमलावरों की मंशा क्या है।

अभियोजकों का कहना है कि अधिकारियों ने हमलों को रोकने की कोई कोशिश नहीं की बल्कि उन्होंने राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा को हटाने और पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो को फिर से सत्ता में लाने के दंगाइयों के प्रयासों में उनकी मदद की।फिलहाल अधिकारियों पर कोई आरोप तय नहीं किए गए हैं।गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में ब्रासीलिया की सैन्य पुलिस के जनरल कमांडर क्लेप्टर रोजा गोंकाल्वेस भी शामिल हैं। पुलिस ने तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है।

अभियोजकों ने कहा कि सैन्य अधिकारियों को मालूम था कि प्रदर्शनकारियों का इरादा राजधानी पर हमला करने और देश की इलेक्ट्रॉनिक मतदान प्रणाली की वैधता के बारे में गलत जानकारी फैलाने का था। आठ जनवरी को दंगाइयों ने सुरक्षा अवरोधकों को तोड़ते हुए सुप्रीम कोर्ट, राष्ट्रपति भवन तथा अन्य सरकारी भवन पर हमला किया था। दगांइयों के हमले से पहले राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी ने तीनों भवनों की सुरक्षा बढ़ाने की लगातार सिफारिश की थी। दंगों के बाद बड़ी संख्या में हमलावरों तथा कुछ पूर्व सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया था।

Exit mobile version