इंटरनेशनल डेस्क: दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील में कुदरत का कहर देखने को मिल रहा है। देश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में हुई मूसलाधार बारिश के बाद आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। अब तक 46 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने लापता लोगों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर रखा है।
सबसे ज्यादा असर मिनास गेरैस राज्य में देखा जा रहा है। यहां लगातार हो रही तेज बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में अचानक पानी भर गया। कई गांव और कस्बे जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ के चलते लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। हजारों लोग अस्थायी राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं।
स्थानीय प्रशासन और बचाव दल पूरी ताकत के साथ राहत कार्य में जुटे हैं। फायर ब्रिगेड, पुलिस और आपदा राहत टीमें नावों और हेलीकॉप्टर की मदद से फंसे लोगों को बाहर निकाल रही हैं। कई इलाकों में सड़कें टूट गई हैं और घर कीचड़ व मलबे से भर गए हैं, जिससे राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
ब्राजील के अग्निशमन विभाग ने बुधवार को मृतकों का अपडेट जारी करते हुए बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है। साथ ही करीब 21 लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।
सरकार ने प्रभावित इलाकों में आपातकालीन सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। लगातार बारिश और बाढ़ से हालात चिंताजनक बने हुए हैं और राहत-बचाव अभियान तेज गति से जारी है।

