Site icon Dainik Savera Times

शांगहाई: 2025 विश्व शहर दिवस सतत शहरी विकास पर वैश्विक सम्मेलन का शुभारंभ

26 अक्तूबर को संयुक्त राष्ट्र आवास कार्यक्रम (यूएन-हैबिटेट) और शांगहाई नगर जन सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 2025 विश्व शहर दिवस सतत शहरी विकास पर वैश्विक सम्मेलन का भव्य उद्घाटन शांगहाई में हुआ। इस वर्ष सम्मेलन का विषय है- “अभिनव विकास, जनोन्मुखी स्मार्ट शहर का निर्माण”।

सम्मेलन में देश-विदेश के सरकारी प्रतिनिधियों, विभिन्न नगरों के महापौरों और शहरी प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों, विद्वानों, व्यवसाय प्रतिनिधियों तथा अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों सहित लगभग 400 लोग शहरी सतत विकास में अनुभवों और चुनौतियों को साझा करने और चर्चा करने के लिए एकत्र हुए।

पूर्ण अधिवेशन के अतिरिक्त, “अच्छे घर और रहने योग्य शहर”, “हरित, निम्न-कार्बन और लचीले शहर”, तथा “डिजिटल शासन और अभिनव शहर” पर तीन विषयगत बैठकें भी होंगी, साथ ही, कई विशेष बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।

सम्मेलन में “शांगहाई मैनुअल: 21वीं सदी में सतत शहरी विकास के लिए मार्गदर्शिका” के 2025 संस्करण का चीनी संस्करण जारी किया गया। एक अद्यतन योग्य अंतर्राष्ट्रीय दस्तावेज और विश्व शहर दिवस के एक महत्वपूर्ण ज्ञान-उत्पाद के रूप में, “शांगहाई मैनुअल” वर्ष 2011 में अपने प्रथम प्रकाशन के बाद से वैश्विक शहरी सतत विकास अनुभवों को साझा करने के लिए एक महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय मंच बन गया है।

“शांगहाई मैनुअल” के 2025 संस्करण में, “जन-उन्मुख स्मार्ट सिटी” की थीम का बारीकी से पालन करते हुए, 11 देशों के 19 शहरों के 21 विशिष्ट मामले शामिल किए गए हैं, जो डेटा-संचालित, तकनीकी नवाचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से शहरी व्यापक प्रबंधन, आर्थिक विकास और लोगों की आजीविका सेवाओं में सुधार करने में दुनिया भर के उन्नत अनुभवों को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करते हैं। यह वैश्विक शहरीकरण प्रक्रिया में संसाधनों, पर्यावरण, परिवहन और अन्य पहलुओं की चुनौतियों का समाधान करने के लिए नए विचार और समाधान प्रदान करता है।

इसके अलावा, सम्मेलन में 2025 “शांगहाई सूचकांक अनुप्रयोग रिपोर्ट” भी जारी की गई। शहरी निगरानी ढाँचा-शांगहाई अनुप्रयोग सूचकांक एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आधिकारिक सूचकांक है, जो वैश्विक शहरों के सतत विकास प्रगति के स्तर का वैज्ञानिक रूप से निदान और विश्लेषण करता है। यह विभिन्न देशों में शहरी विकास के लिए एक संदर्भ उपकरण प्रदान करने और संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति को सक्रिय रूप से बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

बताया गया है कि इस वर्ष का वैश्विक सतत शहर पुरस्कार (शांगहाई पुरस्कार) 31 अक्टूबर को, विश्व शहर दिवस के वैश्विक मेज़बान, कोलंबिया के बोगोटा में प्रदान किया जाएगा। “शांगहाई मैनुअल” के 2025 संस्करण और “शांगहाई सूचकांक अनुप्रयोग रिपोर्ट” दोनों का अंग्रेजी संस्करण एक साथ जारी किए जाएंगे।

बता दें कि शांगहाई पुरस्कार, यूएन-हैबिटैट और शांगहाई नगर जन सरकार द्वारा संयुक्त रूप से शुरू किया गया पहला अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है। इसका उद्देश्य दुनिया भर के उन शहरों को मान्यता देना है जो व्यापक समाधान प्रदान करते हैं और सतत विकास में उल्लेखनीय प्रगति करते हैं।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

Exit mobile version