ढाका: बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बेटे सजीब वाजिद जॉय ने शनिवार को कहा कि उन्होंने (सुश्री हसीना) देश छोड़ने से पहले आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया है। सजीब ने यहां अपने बयान में कहा कि सुश्री हसीना को समय नहीं मिला और उन्होंने आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया है। उन्होंने कहा “ मेरी मां ने एक बयान जारी करने और अपना इस्तीफा सौंपने की योजना बनायी थी , लेकिन फिर प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री के आवास की ओर मार्च करना शुरू कर दिया। और समय नहीं था। मेरी मां के पास सामान भी नहीं था। जहां तक संविधान की बात है, तो वह अभी भी बंगलादेश की प्रधानमंत्री हैं।” उन्होंने कहा कि हालांकि बंगलादेश के राष्ट्रपति ने सैन्य प्रमुखों और विपक्षी नेताओं से परामर्श के बाद संसद को भंग कर दिया था, लेकिन प्रधानमंत्री के औपचारिक रूप से इस्तीफा दिए बिना कार्यवाहक सरकार के गठन को अदालत में चुनौती दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि सुश्री हसीना की अवामी लीग पार्टी अगला चुनाव लड़ेगी, जो तीन महीने के भीतर होना चाहिए। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि अवामी लीग सत्ता में आयेगी। अगर नहीं, तो हम विपक्ष में होंगे। कोई भी रास्ता ठीक है।”
Sheikh Hasina ने आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया: Sajeeb Wazed Joy

