इंटरनेशनल न्यूज: अमेरिका के मिशिगन राज्य के डियरबॉर्न शहर में शुक्रवार को एक शॉपिंग मॉल के अंदर हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, यह फायरिंग फेयरलेन टाउन सेंटर मॉल में युवाओं के दो गुटों के बीच हुए विवाद के बाद हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मॉल में मौजूद लोग सामान्य रूप से खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। देखते ही देखते दोनों ओर से गोलियां चलने लगीं। गोलियों की आवाज सुनते ही मॉल में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे।
डियरबॉर्न पुलिस प्रमुख ईसा शाहीन ने बताया कि भगदड़ के दौरान एक व्यक्ति मॉल से बाहर निकलते समय एक वाहन की चपेट में आ गया, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि यह चोट गोली लगने से नहीं, बल्कि भगदड़ के दौरान हुई।
पुलिस ने बताई घटना की वजह
पुलिस जांच के अनुसार, यह कोई अंधाधुंध या रैंडम फायरिंग नहीं थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों गुट पहले से एक-दूसरे को जानते थे। मॉल में आमना-सामना होने के बाद उनके बीच विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरे घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल तीसरे व्यक्ति का इलाज जारी है। फिलहाल उसकी हालत के बारे में पुलिस ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
संदिग्धों से पूछताछ जारी
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे मॉल को खाली करा दिया और सुरक्षा कारणों से उसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया। मामले की जांच पूरी होने तक मॉल बंद रहेगा। पुलिस ने इस घटना से जुड़े कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जांच में जुटीं कई एजेंसियां
सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग गोलियों की आवाज सुनकर मॉल से बाहर भागते दिखाई दे रहे हैं। मिशिगन स्टेट पुलिस भी स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी सबूतों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
बता दें डियरबॉर्न, अमेरिका के डेट्रायट शहर का एक प्रमुख उपनगर है, जिसकी आबादी एक लाख से अधिक है। यह डेट्रायट से करीब 15 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। फेयरलेन टाउन सेंटर इस इलाके का बड़ा शॉपिंग मॉल है, जहां 125 से अधिक दुकानें और कई रेस्टोरेंट मौजूद हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़ी अन्य जानकारी भी साझा की जाएगी।

