इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की दर्दनाक घटना सामने आई है। यह घटना कैलिफोर्निया के स्टॉकटन शहर में हुई, जहां एक बच्चे की जन्मदिन पार्टी के दौरान अचानक फायरिंग हो गई। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, घायलों में 9 और 12 साल के दो बच्चे भी शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।
कहां हुई घटना?
सैन जाओकिन काउंटी शेरिफ विभाग के अनुसार, गोलीबारी की यह घटना स्टॉकटन के लुसिले एवेन्यू के 1900 ब्लॉक में हुई। जैसे ही फायरिंग की सूचना मिली, पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गईं।
ये भी पढ़ें: उत्तर भारत में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों में नीचे गिरा पारा, IMD ने जारी की चेतावनी
स्टॉकटन के उप-मेयर जेसन ली ने बताया कि यह घटना एक बच्चे की बर्थडे पार्टी के दौरान हुई। उन्होंने कहा कि वह लगातार पुलिस अधिकारियों से संपर्क में हैं और स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस की गाड़ियाँ और एंबुलेंस तैनात कर दी गईं। सुरक्षा के लिए पुलिस ने आसपास की सड़कों को कुछ समय के लिए सील भी किया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गोलीबारी किसने और क्यों की। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: शीतकालीन सत्र से पहले आज होगी सर्वदलीय बैठक, कई नेता होंगे शामिल

