इंटरनेशनल डेस्क: अमेरिका के मिसिसिपी राज्य में शुक्रवार रात गोलीबारी की गई। इस फायरिंग में कुल छह लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक सात साल का बच्चा भी शामिल है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला एक ही व्यक्ति ने किया और उसने तीन अलग-अलग जगहों पर जाकर लोगों को निशाना बनाया।
यह गोलीबारी वेस्ट पॉइंट इलाके में हुई, जो अलबामा सीमा के पास स्थित है। क्ले काउंटी के शेरिफ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर कहा कि यह रात उनके समुदाय के लिए बेहद दुखद रही और लोगों को एक बड़ी त्रासदी का सामना करना पड़ा है।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध हमलावर को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय डेरिक एम. मूरे के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ें: Accident News: चाय की दुकान में जा घुसा अनियंत्रित ट्रक, कई गंभीर रूप से घायल, मचा हड़कंप
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में से कुछ लोग आरोपी के जान-पहचान के थे। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और हमले के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
अमेरिका में इस तरह की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। कुछ दिन पहले ही बुधवार को यूटा राज्य की साल्ट लेक सिटी में एक चर्च के बाहर गोलीबारी की घटना हुई थी। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई थी और छह अन्य लोग घायल हुए थे। यह फायरिंग ‘द चर्च ऑफ जीसस क्राइस्ट ऑफ लैटर-डे सेंट्स’ के एक सभा भवन के पार्किंग एरिया में हुई थी।
इससे पहले दिसंबर महीने में रोड आइलैंड स्थित ब्राउन यूनिवर्सिटी में भी गोलीबारी की घटना सामने आई थी। उस घटना में दो लोगों की जान गई थी और आठ लोग घायल हो गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं ने अमेरिका में बंदूक हिंसा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
अमेरिका में हथियार खरीदने और रखने के नियम काफी आसान माने जाते हैं। इसी वजह से वहां आम लोगों के पास बड़ी संख्या में बंदूकें मौजूद हैं। जानकारों का मानना है कि यही बंदूक संस्कृति बार-बार होने वाली गोलीबारी की बड़ी वजह है। हालांकि समय-समय पर इस संस्कृति के खिलाफ आवाज उठती रही है, लेकिन हथियार बनाने वाली कंपनियों की मजबूत लॉबी के चलते सरकार अब तक इस समस्या पर ठोस नियंत्रण नहीं कर पाई है।
ये भी पढ़ें: पकड़ा गया रहमान डकैत, 20 सालों से पुलिस को दे रहा था चकमा, 14 राज्यों तक फैला था नेटवर्क

