इंटरनेशनल डेस्क: कनाडा के सबसे बड़े शहर टोरंटो में शनिवार शाम एक स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान अचानक गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हालांकि, गोली चलाने वाला आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
यह घटना मिडटाउन टोरंटो में आयोजित होने वाले मशहूर ‘साल्सा ऑन सेंट क्लेयर’ स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान हुई। यह हर साल आयोजित होने वाला लोकप्रिय लैटिन सांस्कृतिक उत्सव है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग संगीत, नृत्य और खाने-पीने का आनंद लेने पहुंचते हैं।
टोरंटो पुलिस सेवा के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। वहां छह लोग गोली लगने से घायल मिले। इनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और चार घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और लोगों से अपील की कि वे जांच पूरी होने तक इस क्षेत्र से दूर रहें। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी भी संदिग्ध को गिरफ्तार नहीं किया गया है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोलीबारी किस वजह से हुई और हमलावर का मकसद क्या था। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

