Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bangladesh में कला पर मंडरा रहा खतरा, भीड़ के हमले के बाद रद्द हुआ सिंगर जेम्स का शो

December 27, 2025

Bangladesh में कला पर मंडरा रहा खतरा, भीड़ के हमले के बाद रद्द हुआ सिंगर जेम्स का शो

इंटरनेशनल डेस्क: बांग्लादेश में सांस्कृतिक माहौल को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। कलाकारों और सांस्कृतिक संस्थानों पर हो रहे हमलों के बीच मशहूर गायक जेम्स का एक कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। ढाका से करीब 120 किलोमीटर दूर फरीदपुर में यह संगीत कार्यक्रम आयोजित होना था। यह कॉन्सर्ट एक स्कूल की वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार रात 9 बजे शुरू होने वाला था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्यक्रम शुरू होने से पहले कुछ असामाजिक तत्वों ने आयोजन स्थल में जबरन घुसने की कोशिश की। इस दौरान भीड़ पर ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि छात्रों और स्थानीय लोगों ने हमलावरों का विरोध किया, लेकिन हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम रद्द करने का निर्देश दे दिया।

ये भी पढ़ें: Today’s weather 27 Dec 2025: कश्मीर से बिहार तक भीषण सर्दी की मार, पहाड़ों में बर्फ़बारी के आसार

इस घटना पर मशहूर लेखिका तस्लीमा नसरीन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बांग्लादेश में बढ़ती सांस्कृतिक असहिष्णुता की कड़ी आलोचना की। तस्लीमा नसरीन ने लिखा कि सांस्कृतिक संस्था छायानाट को जला दिया गया और अब कट्टरपंथी ताकतों ने लोकप्रिय गायक जेम्स को भी मंच पर गाने से रोक दिया।

तस्लीमा नसरीन ने अपने बयान में प्रसिद्ध कलाकार सिराज अली खान का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले सिराज अली खान ढाका आए थे, लेकिन वे कोई कार्यक्रम किए बिना ही भारत लौट गए। सिराज अली खान, विश्व प्रसिद्ध उस्ताद अलाउद्दीन खान की परंपरा से जुड़े मैहर घराने के प्रतिष्ठित कलाकार हैं, जब तक बांग्लादेश में कलाकारों, संगीत और सांस्कृतिक संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक वे वहां प्रस्तुति नहीं देंगे।

लेखिका ने यह भी बताया कि दो दिन पहले उस्ताद राशिद खान के बेटे अरमान खान ने भी ढाका में प्रस्तुति देने का निमंत्रण ठुकरा दिया। अरमान खान ने कहा कि वे ऐसे माहौल में नहीं आ सकते, जहां संगीत और कला के प्रति नफरत फैलाने वाली ताकतें हावी हो रही हैं।

ये भी पढ़ें: School holiday: बच्चों की लगी मौज! 27 से 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे स्कूल

बता दें जेम्स बांग्लादेश के सबसे लोकप्रिय गायकों में गिने जाते हैं। वे गायक-गीतकार, गिटारवादक और संगीतकार हैं और मशहूर रॉक बैंड ‘नगर बाउल’ के मुख्य गायक भी हैं। जेम्स ने हिंदी फिल्मों में भी अपनी आवाज दी है। फिल्म ‘गैंगस्टर’ का गीत ‘भीगी भीगी’ और ‘लाइफ इन ए मेट्रो’ का ‘अलविदा’ उनके बेहद चर्चित गाने हैं। बांग्लादेश में उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने बांग्लादेश में कला, संगीत और सांस्कृतिक आज़ादी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें