Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Slovakia के PM ने यूक्रेन को डीजल सप्लाई रोकने की दी धमकी

July 30, 2024

Slovakia के PM ने यूक्रेन को डीजल सप्लाई रोकने की दी धमकी

प्राग: स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने यूक्रेन को डीजल की सप्लाई रोकने की धमकी दी है। पीएम का कहना है कि यदि यूक्रेन के रास्ते स्लोवाकिया तक रूसी तेल का परिवहन जल्द ही फिर से शुरू नहीं किया गया तो देश की स्लोवनाफ्ट रिफाइनरी, यूक्रेन को डीजल की आपूर्ति बंद कर देगी। यूक्रेन ने हाल ही में रूसी कंपनी लुकोइल से ड्रूजबा पाइपलाइन के जरिए स्लोवाकिया और हंगरी तक तेल के परिवहन को रोक दिया था। उसने जून में कंपनी को अपनी प्रतिबंध लिस्ट में डाल दिया था।

स्लोवाकिया के वित्त मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि लुकोइल से यूक्रेन के जरिए स्लोवाकिया को तेल की डिलीवरी पहले ही बंद हो चुकी है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री फिको ने एक वीडियो संदेश में कहा है कि यूक्रेन द्वारा लुकोइल पर लगाए गए प्रतिबंध को आगे लागू करने से यूक्रेन, स्लोवाकिया और हंगरी को ही नुकसान होगा। उन्होंने कहा, ‘यदि यूक्रेन के माध्यम से रूसी तेल की आपूर्ति जल्द शुरू नहीं की गई तो स्लोवाकिया की कंपनी स्लोवनाफ्ट (जो यूक्रेनी खपत का दसवां हिस्सा कवर करती है) यूक्रेन को डीजल की आपूर्ति बंद कर देगी।

स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री फिको ने शुक्रवार को यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस शमीहाल से फोन पर बात की और तेल की आपूर्ति को फिर से शुरू करने के लिए एक तकनीकी समाधान सुझाया, जिसमें स्लोवाकिया समेत कई देशों को शामिल करनी के जरूरत होगी। उन्होंने सोमवार को वीडियो संदेश में कहा था, ‘स्लोवाकिया की ओर से मैं दोहराता हूं कि हम तैयार हैं। मैं उन रिपोर्टों का स्वागत करता हूं जो पुष्टि करती हैं कि संबंधित वाणिज्यिक कंपनियां पहले से ही इस तकनीकी समाधान को कम से कम समय में लागू करने पर विचार कर रही हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें