एंटरटेनमेंट डेस्क: फिल्म ‘जन्नत’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री सोनल चौहान इन दिनों मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच दुबई में फंस गई हैं। क्षेत्र में बढ़ते सैन्य हालात के कारण कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिससे उनके भारत लौटने की योजना प्रभावित हुई है।
पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार
सोनल चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सहायता की अपील की। उन्होंने लिखा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, मैं जंग की वजह से दुबई में फंसी हुई हूं। फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं और भारत लौटने का कोई रास्ता नहीं है। मैं घर वापस जाने के लिए सरकार से सुरक्षित यात्रा के लिए मार्गदर्शन चाहती हूं। किसी भी मदद के लिए शुक्रगुजार हूं।
Hon’ble PM @narendramodi ji,
I am currently stranded in Dubai due to the ongoing crisis, with flights cancelled and no clear way to return to India. I respectfully seek the Government’s guidance for a safe journey home
Grateful for any support extended🙏🏻🇮🇳@MEAIndia @IndiainDubai— SONAL CHAUHAN (@sonalchauhan7) February 28, 2026
क्यों बंद हुईं उड़ानें?
दरअसल, हाल ही में अमेरिका और इस्राइल ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की। इसके जवाब में ईरान की ओर से भी हमले किए गए। मिसाइल हमलों और सुरक्षा खतरे के चलते कई देशों ने एहतियातन अपने एयरपोर्ट्स पर उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया। दुनिया के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में से एक दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी कुछ समय के लिए परिचालन प्रभावित हुआ, जिससे हजारों यात्री फंस गए।
बातचीत के बाद बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को लेकर वाशिंगटन और तेहरान के बीच कई हफ्तों तक बातचीत चली, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। इसके बाद हालात और बिगड़ गए और सैन्य कार्रवाई शुरू हो गई।
विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया
भारत के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि मिडिल ईस्ट में मौजूद भारतीय दूतावास और मिशन वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं। भारतीयों को सतर्क रहने, स्थानीय सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने और आधिकारिक एडवाइजरी पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
सोनल चौहान का करियर
सोनल चौहान ने साल 2008 में फिल्म जन्नत से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके साथ इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में थे। हाल ही में वह 2024 में रिलीज हुई बंगाली फिल्म ‘दर्द’ में नजर आई थीं।
फिलहाल क्षेत्र में हालात सामान्य होने और उड़ानों के दोबारा शुरू होने का इंतजार किया जा रहा है। अभिनेत्री समेत कई यात्री सुरक्षित वापसी की उम्मीद में प्रशासनिक मदद का इंतजार कर रहे हैं।